Last Updated:
Sahi Tukda With Rabri Recipe: शाही टुकड़े के साथ रबड़ी एक ऐसी डिश है जो एवरग्रीन मानी जाती है. समय चाहे कोई भी हो और त्योहार पर कितनी भी मिठाई बन जाए, इसकी जगह कोई नहीं ले सकता. जानते हैं ईजी रेसिपी.

शाही टुकडा और रबड़ी उत्तर भारत की एक मशहूर मिठाई है, जो खासकर त्योहारों और दावतों में बनाई जाती है. यह मिठाई ब्रेड, दूध, चीनी और सूखे मेवों के मेल से तैयार होती है. कुरकुरी तली हुई ब्रेड पर गाढ़ी, मलाईदार रबड़ी डाली जाती है और ऊपर से मेवे सजाकर इसका स्वाद और भी बढ़ा दिया जाता है. इसकी खासियत है कि इसे घर पर बहुत ही आसानी से बनाया जा सकता है.

शाही टुकड़ा बनाने के लिए आवश्यक सामग्री में ब्रेड स्लाइस, घी, चीनी और पानी चाहिए. सबसे पहले ब्रेड के किनारे काटकर चौकोर या त्रिकोण आकार में काट लें. फिर एक पैन में घी गर्म करें और इन ब्रेड टुकड़ों को हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. दूसरी ओर, चीनी और पानी डालकर एक तार की चाशनी बना ले. अब तली हुई ब्रेड को इस चाशनी में हल्का-सा डुबोकर निकाल लें. यही शाही टुकड़ा का मुख्य आधार है.

रबड़ी बनाने के लिए फुल क्रीम दूध को एक भारी तले वाले बर्तन में डालकर धीमी आंच पर पकने दें. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि दूध नीचे न लगे. जब दूध आधा रह जाए तो उसमें चीनी डालें और इलायची पाउडर मिलाएं. चाहें तो इसमें केसर के कुछ धागे भी डाल सकते हैं, जिससे रंग और खुशबू दोनों बेहतर होंगे. जब दूध गाढ़ा होकर मलाईदार हो जाए और ऊपर मलाई की परत जमने लगे, तब गैस बंद कर दें, बस रबड़ी तैयार है.

अब सबसे पहले एक प्लेट में मीठे ब्रेड के टुकड़े रखें और ऊपर से गाढ़ी रबड़ी डालें. उसके बाद कटे हुए बादाम, पिस्ता और काजू से सजावट करें. चाहें तो ऊपर से गुलाब की पंखुड़ियां या चांदी का वर्क भी लगाया जा सकता है, जिससे मिठाई का रूप और भी आकर्षक लगे. ठंडी या हल्की गुनगुनी अवस्था में परोसें.

शाही टुकड़ा और रबड़ी न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होती है बल्कि दिखने में भी बहुत लाजवाब लगती है. यह मिठाई त्योहारों, शादी-ब्याह या किसी भी खास मौके पर मेहमानों को परोसने के लिए उत्तम विकल्प है. इसकी मलाईदार मिठास और कुरकुरे ब्रेड का स्वाद हर किसी को पसंद आता है. इसे घर पर बनाकर आप अपने परिवार और मेहमानों को आसानी से खुश कर सकते हैं.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/recipe-shahi-tukda-with-rabdi-evergreen-sweet-festival-special-local18-ws-l-9707836.html







