Last Updated:
मूंगफली सर्दियों में सबसे ज़्यादा खाई जाने वाली चीज़ों में से एक है. इसमें प्रोटीन, हेल्दी फैट्स और फाइबर भरपूर मात्रा में होने के कारण इसे ‘गरीबों का बादाम’ कहा जाता है. लेकिन, क्या आप जानते हैं कि एक दिन में कितनी मूंगफली खाना सही है, किसे नहीं खानी चाहिए और किनके लिए यह फायदेमंद है? इस खबर में जानिए मूंगफली के फायदे, नुकसान, सही मात्रा और इसका सही सेवन तरीका.

सर्दियों में बिना मूंगफली के मज़ा अधूरा लगता है. इसे यूं ही ‘गरीबों का बादाम’ नहीं कहा जाता. छोटी-सी दिखने वाली यह दानेदार चीज़ पोषण से भरपूर होती है. इसमें प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट्स का खजाना होता है. बस ध्यान रहे कि हर चीज़ की एक लिमिट होती है.

डॉक्टरों के मुताबिक, एक दिन में 50 ग्राम यानी एक मुट्ठी मूंगफली पर्याप्त होती है. वजन घटाना हो तो इसे 30 ग्राम तक सीमित रखें. भुनी या उबली मूंगफली सबसे बेहतर रहती है, जबकि नमकीन और तली हुई मूंगफली से दूरी बनानी चाहिए. थोड़ा कम खाएं, लेकिन रोज खाएं तभी इसका फायदा मिलेगा.

मूंगफली प्रोटीन से भरपूर होती है, जो मसल्स बनाने में मदद करती है. यह दिल के लिए भी फायदेमंद है क्योंकि इसमें गुड फैट्स मौजूद होते हैं. फाइबर पाचन दुरुस्त रखता है और पेट साफ करने में मदद करता है. इसमें विटामिन E, B6 और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं. आप कह सकते हैं कि यह सर्दियों की सबसे हेल्दी और चटपटी चीज़ है.

ज्यादा मूंगफली खा ली जाए तो वजन बढ़ना तय है. कुछ लोगों को इससे एलर्जी भी हो सकती है. नमकीन मूंगफली ब्लड प्रेशर वाले लोगों के लिए नुकसानदायक होती है. ज़्यादा खाने से गैस और पेट दर्द की समस्या भी हो सकती है, इसलिए इसे थोड़ा खाएं लेकिन समझदारी से खाएं.

जिन्हें मूंगफली से एलर्जी है, वे इसे बिल्कुल न खाएं. साथ ही, किडनी या लिवर की गंभीर बीमारी वाले लोग भी इससे दूर रहें. इसके अलावा ब्लड थिनर दवा लेने वालों को सावधानी बरतनी चाहिए. जिन्हें एसिडिटी या गैस की समस्या होती है, वे भी मूंगफली सोच-समझकर खाएं. मतलब, मूंगफली सबके लिए नहीं होती.

सर्दियों में मूंगफली और गुड़ का मेल लाजवाब माना जाता है. यह जोड़ी शरीर को गर्म रखती है और भरपूर ऊर्जा देती है. पुराने लोग इसे रोज़ खाने की सलाह देते हैं. खाने में स्वाद भी और सेहत में फायदा भी. इसे देसी स्नैक का बेस्ट कॉम्बिनेशन कहा जा सकता है.

सर्दियों में रात को रजाई में बैठकर बातें करते-करते कब दर्जनों मूंगफलियां खा ली जाती हैं, पता ही नहीं चलता. लेकिन, ज़्यादा खाना ठीक नहीं है, क्योंकि रात में भारी चीज़ें पचाने में दिक्कत होती है. थोड़ा-सा मूंगफली चबाकर खाना सही रहता है. इसे स्नैक के तौर पर लें, फुल डिनर का हिस्सा न बनाएं. थोड़ी-सी मूंगफली नींद भी अच्छी दिला सकती है.

वर्कआउट के बाद मसल्स रिकवरी के लिए मूंगफली बेहतरीन स्नैक है. इसमें प्रोटीन और एनर्जी दोनों मौजूद होते हैं. एक मुट्ठी मूंगफली आपकी थकान मिटाने के लिए काफी है. महंगे सप्लीमेंट छोड़िए, देसी मूंगफली अपनाइए, स्वाद भी बढ़िया और असर भी पक्का दिखेगा.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/health-eating-peanuts-in-winter-nutrition-benefits-and-limitations-explained-moongfali-benefits-side-effects-right-amount-local18-ws-kl-9813414.html






