चाहे नाश्ता बनाना हो या बेकिंग, नॉनवेज खाने वालों के लिए अंडा पहली पसंद है. लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि अंडों को फ्रिज में रखना चाहिए या बाहर? भारत में कुछ लोग इन्हें किचन काउंटर पर रखते हैं,तो कुछ हमेशा फ्रिज में. लेकिन अंडे को स्टोर करने का तरीका क्या है? इसका सही जवाब सिर्फ आदत पर नहीं, बल्कि मौसम और थोड़ी विज्ञान की समझ पर निर्भर करता है.
गर्म जगहों पर अंडे जल्दी खराब होते हैं, जबकि ठंडी जगहों पर इन्हें बाहर भी रखा जा सकता है. फर्क बस इस बात में है कि अंडे को कैसे साफ किया गया है और क्या उसकी नेचुरल परत यानी “ब्लूम” बनी हुई है या नहीं.
क्यों कुछ देशों में जरूरी है फ्रिज में रखना
अमेरिका जैसे देशों में अंडों को बाजार में लाने से पहले धोकर और सैनिटाइज कर पैक किया जाता है. इस प्रक्रिया में उनकी नेचुरल परत हट जाती है, जो सामान्यतः बैक्टीरिया को अंदर जाने से रोकती है. जब यह परत हटा दी जाती है, तो साल्मोनेला जैसे बैक्टीरिया अंडे के अंदर जा सकते हैं. इसलिए वहां अंडों को 4°C या उससे कम तापमान पर फ्रिज में रखना जरूरी माना जाता है.
भारत में फ्रिज हर बार जरूरी नहीं
भारत और एशिया के कई देशों में अंडे बिना धोए बेचे जाते हैं. यानी उनकी नेचुरल सुरक्षा परत बनी रहती है. लेकिन यहां का गर्म और नम मौसम जोखिम भरा हो सकता है. अगर तापमान ज्यादा है, तो अंडे जल्दी सड़ जाते हैं, उनमें बदबू आने लगती है और बैक्टीरिया तेजी से बढ़ने लगते हैं. इसलिए गर्मी और बरसात में फ्रिज में रखना बेहतर है, जबकि सर्दी के मौसम में बिना धोए अंडे 4–5 दिन तक बाहर भी सुरक्षित रह सकते हैं.
फ्रिज में अंडे रखने का सही तरीका
– अगर आपने अंडे सुपरमार्केट के फ्रिज सेक्शन से खरीदे हैं, तो उन्हें हमेशा फ्रिज में ही रखें.
– अंडों को उनके कार्टन या ट्रे में रखें ताकि वे टूटें नहीं.
– फ्रिज के दरवाजे में न रखें, क्योंकि वहां तापमान बार-बार बदलता है.
– करीब 4°C तापमान सबसे बेहतर माना जाता है.
बार-बार बाहर निकालना क्यों गलत है
अंडों को बार-बार फ्रिज से निकालने और बाहर रखने से उनके ऊपर नमी जम जाती है. यह नमी बैक्टीरिया बढ़ने का आदर्श माहौल देती है, इसलिए एक बार अंडे फ्रिज में रख दिए जाएं तो उन्हें निकलने और फिर से अंदर रखने की आदत न डालें.
इस बात का ध्यान रखें
फ्रिज में रखे अंडे करीब 4–5 हफ्ते तक सुरक्षित रहते हैं, जबकि बिना धोए अंडे ठंडी जगह पर 1–2 हफ्ते तक ठीक रहते हैं. उबले हुए अंडे एयरटाइट डिब्बे में रखकर 7 दिन तक खाए जा सकते हैं. बस ध्यान रखें अगर अंडे में बदबू, दरार या रंग में बदलाव दिखे, तो उसे तुरंत फेंक दें.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/tips-and-tricks-how-to-store-egg-should-you-keep-anda-in-fridge-one-mistake-could-lead-to-food-poisoning-ws-l-9879254.html

















