Last Updated:
सर्दियों का मौसम आ गया है और ऐसे वक्त में आंवला खूब मिलता भी है और शरीर के लिए बहुत फायदेमंद भी माना जाता है. लेकिन, घर में अक्सर लोग इसे सीधा खाने से कतराते हैं.किसी को इसकी खटास ज्यादा लगती है तो किसी को इसका स्वाद पसंद नहीं आता. ऐसे में इसका इंस्टेंट अचार एक बढ़िया तरीका है, जो मिनटों में बन भी जाता है और खाने का मजा भी बढ़ा देता है.

आंवला वैसे तो हर किसी ने कभी न कभी खाया ही होगा, लेकिन इसके फायदे लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं. इसमें विटामिन C, A और B भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं. खासकर ठंड के मौसम में इसे जरूर खाना चाहिए. रोजाना एक छोटी मात्रा भी शरीर को ताकत देती है, इसलिए लोग इसे जूस, मुरब्बा या अचार किसी भी रूप में खाते हैं.

अक्सर बच्चे आंवले की खटास से डरकर इसे हाथ तक नहीं लगाते. मां परेशान रहती हैं कि इतने फायदेमंद फल को बच्चे कैसे खाएं. ऐसे में आंवले का इंस्टेंट अचार शानदार विकल्प है. हल्का मसालेदार और चटपटा स्वाद होने की वजह से बच्चे भी इसे आसानी से खा लेते हैं. खाने के साथ एक-दो टुकड़े मिल जाएं तो स्वाद भी बढ़ जाता है और फायदा भी मिलता है.

इंस्टेंट अचार का असली मजा उसके मसालों में होता है. अजवाइन, राई, जीरा, मेथी, हींग, सौंफ, नमक, लाल मिर्च और हल्दी. ये सभी मसाले घर में ही आसानी से मिल जाते हैं. इन्हें हल्का सा ड्राई रोस्ट करने से इनका फ्लेवर और खुशबू दोगुनी हो जाती है. फिर इनका ताज़ा पाउडर बना लें. यह मसाला इतना बढ़िया होता है कि किसी भी अचार में डाल दें, स्वाद तुरंत बदल जाता है.
Add Bharat.one as
Preferred Source on Google

अचार बनाने के लिए सबसे पहले 500 ग्राम आंवले को अच्छी तरह धोकर उबाल लिया जाता है, ताकि वे थोड़े नरम हो जाएं और उनके टुकड़े आसानी से अलग हो सकें. उबालने के बाद बीज निकालकर आंवले को चार हिस्सों में काट लिया जाता है. फिर इन्हें करीब दो घंटे पंखे की हवा में रख दें या यदि संभव हो तो धूप में सुखा लें, ताकि इनकी नमी खत्म हो जाए. इससे अचार ज्यादा समय तक खट्टा या गीला नहीं होता और अच्छा बना रहता है.

अचार में जो असली देसी खुशबू आती है, वह सरसों के तेल से ही आती है. तेल को गर्म करके उसका कच्चापन निकालना जरूरी होता है. जब तेल अच्छे से गरम हो जाए तो गैस बंद करके उसमें हल्दी, लाल मिर्च, हींग और तैयार मसाला डालें. ये मसाले गर्म तेल में तुरंत घुल जाते हैं और उनकी खुशबू फैलने लगती है. यह तड़का इतना बढ़िया बनता है कि अचार का स्वाद देखते ही देखते बदल जाता है.

इंस्टेंट आंवले का अचार उसी समय तैयार हो जाता है और किसी भी भोजन के साथ खाया जा सकता है. न ज्यादा खट्टा, न कड़वा—इसका स्वाद बिल्कुल बैलेंस्ड रहता है. चाहे रोटी हो, परांठा हो या दाल-चावल, हर चीज के साथ इसका एक चम्मच खाना स्वाद बढ़ा देता है. इससे शरीर को विटामिन C भी मिलता है और ठंड के मौसम में यह शरीर को मजबूत भी बनाता है.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/recipe-instant-amla-achar-recipe-know-benefits-local18-9925457.html







