मुंबई. दुबई की मिठाइयों की दुनिया उसकी चमक-धमक की तरह ही लाजवाब है, जहां पुरानी परंपराएं और नया अंदाज़ एक साथ मिलते हैं. दुबई की मिठाइयां सिर्फ़ स्वाद में ही बेहतरीन नहीं होती, बल्कि दिखने में भी बेहद आकर्षक होती हैं. मिठाई न खाने वाला व्यक्ति भी इसकी बनावट देखकर एक से दो किलो ख़रीद ले. दुबई के बड़े से बड़े शॉपिंग मॉल और दुकानों में बिकने वाली नामी मिठाइयां जैसे बकलावा और क़ुनाफ़ा दुबई की मशहूर मिठाइयों में शामिल हैं. ये मिठाइयां दुबई में मेहमाननवाज़ी की पहचान मानी जाती हैं, जिनका स्वाद सालों से वैसा ही बरकरार है.
लेकिन आज का दुबई सिर्फ़ पुरानी मिठाइयों तक सीमित नहीं है, यहां का मशहूर चॉकलेट बार भी आज दुनिया भर में प्रसिद्ध है. आज के समय में दुबई की पहचान सिर्फ़ एक टूरिस्ट कंट्री या उसकी रेत से नहीं, बल्कि दुबई की मिठाइयों से भी है. ख़ास बात यह है कि आप बिना दुबई जाए भी दुबई की असली मिठाइयां दुबई के लोगों से मुंबई में ख़रीद सकते हैं. यह कोई ऑनलाइन शॉपिंग नहीं है, बल्कि असल में मुंबई में चल रहे 3–4 एग्ज़ीबिशन और फेयर में दुबई की चॉकलेट के कई स्टॉल लगे हैं, जहां से आप दुबई की मिठाइयां ख़रीद सकते हैं.
3000 रुपये किलो
मुंबई में हुए इंटरनेशनल फेयर में दुबई की मिठाइयों के प्रति लोगों का प्यार साफ़ दिखाई दिया. मिठाई के स्टॉल पर लोगों की भीड़ लगातार देखने को मिली. जनवरी और फ़रवरी महीने में 2–3 और एग्ज़ीबिशन और फेयर होने वाले हैं, जिनमें यह मौक़ा फिर से मिलेगा. दुबई की मिठाइयों में यहां बसबूसा, बकलावा, क़ुनफ़ा, मामूल, महालाबिया, हलवात एल जीबन, दुबई की चॉकलेट, दुबई में पाए जाने वाले मधुमक्खियों का शहद, सूखे फलों की मिठाइयां और 8–10 प्रकार की चॉकलेट शामिल हैं.
दुबई की मिठाइयां भारत की मिठाइयों के मुक़ाबले काफ़ी महंगी हैं, यहां बिकने वाली हर मिठाई लगभग 3000 प्रति किलो के भाव से बिक रही है. अधिकतर मिठाइयों का यही दाम है, इन मिठाइयों की ख़ास बात यह है कि ये सीधे दुबई से लाई गई हैं और दुबई के लोग ही इन मिठाइयों को बेच रहे हैं.
क़ुनाफ़ा और बकलावा
इन मिठाइयों में बकलावा, जिसे मिठाइयों की रानी कहा जाता है, मैदा की कागज़ जैसी पतली सैकड़ों परतों से बनी एक बेक्ड मिठाई है. इसे मक्खन के साथ सेंकने पर यह बेहद कुरकुरी और सुनहरी हो जाती है. इसके बीच में बारीक कटे हुए पिस्ता, अखरोट या काजू जैसे प्रीमियम ड्राई फ्रूट्स की भरपूर फिलिंग भरी जाती है. इसके अलावा दूसरी मशहूर मिठाई बसबूसा है, जो दुबई में लोकप्रिय एक क्लासिक मध्य-पूर्वी मिठाई है. इसे मुख्य रूप से बारीक सूजी के घोल से तैयार किया जाता है, जिसे सुनहरा होने तक पकाया जाता है और फिर सुगंधित चाशनी में भिगोया जाता है.
यह मिठाई अपनी नम और हल्की कुरकुरी बनावट के लिए जानी जाती है. इसमें संतरे के फूल या गुलाब जल मिलाया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बेहतरीन हो जाता है. इस सूची में क़ुनफ़ा भी शामिल है, यह भी दुबई की सबसे मशहूर मिठाइयों में से एक है, जो यहां 1500 में आधा किलो बिक रही है.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-dubai-famous-mithai-baklawa-and-kunafa-now-in-mumbai-local18-ws-kl-10117446.html







