Last Updated:
Sheohar News: शिवहर जिले ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई है. जिले के तरियानी प्रखंड स्थित सुमहती और अटकोनी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को केंद्र सरकार द्वारा NQAS (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स) सर्टिफिकेशन से नवाजा गया है. अमृतसर और बंगलुरू की टीमों द्वारा किए गए कड़े मूल्यांकन में इन केंद्रों ने 87% तक अंक हासिल कर साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब मरीजों को वर्ल्ड-क्लास और सुरक्षित इलाज मिल रहा है.
शिवहरः जिले के स्वास्थ्य विभाग के लिए यह सप्ताह बड़ी सौगात लेकर आया है. तरियानी प्रखंड के दो हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सुमहती और अटकोनी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर का नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है. यह सर्टिफिकेशन इस बात की पुष्टि करता है कि इन केंद्रों पर दी जाने वाली सेवाएं अब देश के सबसे सुरक्षित और भरोसेमंद मानकों के अनुरूप हैं.
यह उपलब्धि रातों-रात नहीं मिली है. बीते दिसंबर माह में केंद्र सरकार की ओर से अमृतसर और बंगलुरू से आई नेशनल एसेसर टीमों ने इन केंद्रों का सघन निरीक्षण किया था. टीम ने न केवल अस्पताल की स्वच्छता और दवाओं की उपलब्धता जांची, बल्कि संक्रमण नियंत्रण, जांच सुविधाएं, रिकॉर्ड प्रबंधन और सबसे महत्वपूर्ण मरीजों की संतुष्टि के स्तर को भी परखा.
सुमहती और अटकोनी का शानदार रिपोर्ट कार्ड
राष्ट्रीय मूल्यांकन में शिवहर के इन केंद्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सुमहती को 87.12 प्रतिशत अंक मिला. हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर अटकोनी को 81.93 प्रतिशत अंक मिला. गौरतलब है कि इस राष्ट्रीय प्रमाणीकरण के लिए कम से कम 70 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होता है. जिससे पता चलता है कि इन केंद्रों ने मानकों से कहीं बेहतर काम किया है.
सामूहिक प्रयास का परिणाम
सिविल सर्जन डॉ.दीपक कुमार ने इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि NQAS सर्टिफिकेशन एक कठोर प्रक्रिया का हिस्सा है. उन्होंने बताया कि यह जिले के लिए गर्व का विषय है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब राष्ट्रीय स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं. वहीं जिला गुणवत्ता आश्वासन सलाहकार मोहन कुमार और जिला कार्यक्रम प्रबंधक मुक्ता भारती ने इस जीत का श्रेय डॉक्टरों, सीएचओ, नर्सिंग स्टाफ और पूरी मैनेजमेंट टीम की कड़ी मेहनत को दिया.
ग्रामीणों को होगा बड़ा फायदा
इस सर्टिफिकेशन के बाद सुमहती और अटकोनी के स्वास्थ्य केंद्रों पर सुविधाओं का स्तर और बढ़ेगा. विभाग का अगला लक्ष्य जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भी इसी तरह एनक्यूएएस मानकों के अनुरूप ढालना है, ताकि हर गरीब को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और Bharat.one तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/bihar/sitamarhi-sheohar-health-centers-nqas-certification-sumhati-atkoni-national-award-local18-ws-kl-10119490.html







