Last Updated:
Sadhvi Prachi on Hamid Ansari: पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के ताजा बयान ने सियासी बहस छेड़ दी है. उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान महमूद गजनवी और लोदी वंश के शासकों को भारतीय लुटेरा करार दिया. हामिद अंसारी के इस बयान के बाद कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी है, जिसमें विश्व हिंदू परिषद की नेता साध्वी प्राची ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.

पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के ‘गजनवी और लोदी विदेशी नहीं, भारतीय लुटेरे थे’ वाले बयान पर विश्व हिंदू परिषद की नेता साध्वी प्राची ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि हामिद अंसारी को हिंदुस्तान से डर लगने लगा है. ऐसे बयान देकर वो सिर्फ देश को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. साध्वी प्राची ने कहा कि हामिद अंसारी जब तक उपराष्ट्रपति के पद पर थे, तब तक खुद को हिंदुस्तानी मानते रहे, लेकिन जैसे ही पद से हटे, उन्हें हिंदुस्तान से डर लगने लगा. उन्होंने कहा कि अब जो बयान दिए जा रहे हैं, वे देश को तोड़ने की मानसिकता को दिखाते हैं. उनका आरोप है कि ऐसे बयान भारत को टुकड़ों में बांटने की साजिश की ओर इशारा करते हैं.

हामिद अंसारी के बयान पर बोलीं साध्वी प्राची – साध्वी प्राची ने कहा कि हामिद अंसारी देश को यह बताएं कि महमूद गजनवी जैसे आक्रांता क्या थे. उन्होंने कहा कि वे लुटेरे थे, आतंकी थे और देश को नुकसान पहुंचाने वाले लोग थे. उन्होंने सवाल उठाया कि किस इतिहासकार ने उन्हें देशभक्त माना है. उनका कहना है कि पिछले 70 वर्षों में कांग्रेस ने इतिहास को तोड़-मरोड़कर देश के सामने पेश किया, लेकिन अब भारतीय जनता पार्टी इतिहास की असल सच्चाई सामने ला रही है. उन्होंने कहा कि शायद यही वजह है कि कुछ लोगों को सच्चाई सामने आने से तकलीफ हो रही है.

साध्वी प्राची ने किया कांग्रेस पर हमला – साध्वी प्राची ने कहा कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी होने के बावजूद मुस्लिम लीग पर बहुत ज्यादा निर्भर रही है. उनका दावा है कि कांग्रेस पहले भी मुस्लिम लीग के प्रभाव में थी, आज भी है और आगे भी रहेगी. इसी वजह से कांग्रेस मुस्लिम तुष्टिकरण की पराकाष्ठा तक पहुंच चुकी है और यही कारण है कि अब कांग्रेस दोबारा सत्ता में आने की स्थिति में नहीं है.
Add Bharat.one as
Preferred Source on Google

साध्वी प्राची ने यूपी कैबिनेट का किया स्वागत – इसी बीच यूपी कैबिनेट द्वारा बांग्लादेशी और पाकिस्तानी हिंदुओं को बसाने के फैसले का साध्वी प्राची ने स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छा निर्णय है और इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यूपी सरकार को बधाई दी. उनका कहना है कि जो हिंदू बांग्लादेश या पाकिस्तान में प्रताड़ित हैं, उन्हें भारत में सम्मान और सुरक्षा मिलनी चाहिए.

कश्मीरी युवाओं पर हमले को लेकर साध्वी प्राची ने दी प्रतिक्रिया – देहरादून में कश्मीरी युवाओं पर हुए जानलेवा हमले को लेकर भी साध्वी प्राची ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि विकासनगर क्षेत्र में दो कश्मीरी युवाओं पर हमला हुआ, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जब तक पूरे मामले की असली वजह सामने नहीं आती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना ठीक नहीं होगा. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही वह इस पर खुलकर बयान देंगी.







