Ways To Make Immunity Strong: हमारे शरीर को बीमारियों से बचाने के लिए इम्यून सिस्टम होता है. यह वायरस, बैक्टीरिया और अन्य बाहरी तत्वों को शरीर में घुसने से रोकता है और उन्हें खत्म करने की कोशिश करता है. अगर आपकी इम्यूनिटी मजबूत होती है, तो बीमारियों से बचाव होता है. कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को अक्सर बीमारियां जकड़ लेती हैं. आज के समय में मजबूत इम्यूनिटी होना सिर्फ बीमारी से बचाव नहीं, बल्कि अच्छी और एक्टिव जिंदगी की पहचान बन चुका है. बदलता मौसम, बढ़ता प्रदूषण, गलत खान-पान और तनाव हमारे इम्यून सिस्टम को धीरे-धीरे कमजोर कर सकते हैं. कई बार हमें पता भी नहीं चलता कि हमारी इम्यूनिटी कमजोर हो रही है, क्योंकि इसके संकेत शुरुआत में बहुत हल्के होते हैं. ऐसे में जरूरी है कि हम समय रहते अपनी इम्यूनिटी को पहचानें और उसे मजबूत बनाने की कोशिश करें.
कमजोर इम्यूनिटी की पहचान करने के 5 तरीके
दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व प्रेसिडेंट और सीनियर फिजीशियन डॉ. अनिल बंसल ने Bharat.one को बताया कि बार-बार बीमार पड़ना कमजोर इम्यूनिटी का सबसे बड़ा संकेत है. अगर आपको ठंड, खांसी, बुखार या इंफेक्शन जल्दी पकड़ लेते हैं और ठीक होने में भी ज्यादा समय लगता है, तो यह कमजोर इम्यूनिटी का संकेत हो सकता है. मजबूत इम्यून सिस्टम आमतौर पर संक्रमण से जल्दी लड़ लेता है, जबकि कमजोर इम्यूनिटी में शरीर को रिकवर होने में समय लगता है.
डॉक्टर ने बताया कि लगातार थकान और एनर्जी की कमी भी वीक इम्यूनिटी के लक्षण हैं. अगर पूरी नींद लेने और सामान्य दिनचर्या के बावजूद शरीर में सुस्ती बनी रहती है, तो इसका मतलब हो सकता है कि आपका इम्यून सिस्टम सही तरह से काम नहीं कर रहा है. इम्यूनिटी कमजोर होने पर शरीर अंदर ही अंदर इंफेक्शन या सूजन से लड़ रहा होता है, जिससे व्यक्ति हर समय थका-थका महसूस करता है.
पाचन और आंतों की सेहत पर ध्यान देकर भी इम्यूनिटी का पता लगा सकते हैं. एक्सपर्ट मानते हैं कि शरीर की करीब 70 प्रतिशत इम्यूनिटी आंतों से जुड़ी होती है. बार-बार गैस, कब्ज, एसिडिटी या पेट खराब होना इस बात का संकेत हो सकता है कि गट हेल्थ और इम्यून सिस्टम कमजोर है. अगर खाना ठीक से पच नहीं रहा, तो शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी नहीं मिल पाते हैं.
घाव का देर से भरना और त्वचा की समस्याएं भी कमजोर इम्यूनिटी का संकेत हैं. अगर मामूली चोट, कट या छाले ठीक होने में ज्यादा समय लेते हैं या त्वचा पर बार-बार रैशेज, मुंहासे और इंफेक्शन हो जाते हैं, तो यह कमजोर इम्यूनिटी की ओर इशारा करता है. मजबूत इम्यून सिस्टम शरीर की रिपेयर प्रक्रिया को तेज करता है, जिससे घाव जल्दी भरते हैं.
कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को अक्सर नींद की समस्या रहती है और वे छोटे-छोटे कारणों से ज्यादा तनाव में आ जाते हैं. अच्छी नींद इम्यून सेल्स को रिचार्ज करती है, जबकि लगातार तनाव शरीर में सूजन बढ़ाकर इम्यून सिस्टम को कमजोर करता है. अगर आपकी नींद बार-बार टूटती है या आप हमेशा बेचैनी महसूस करते हैं, तो यह संकेत हो सकता है.
इम्यूनिटी को कैसे बनाएं मजबूत?
डॉक्टर ने बताया कि अगर आपकी इम्यूनिटी कमजोर है, तो उसे स्ट्रॉन्ग बनाने के लिए संतुलित आहार, ताजा फल-सब्जियां, प्रोटीन और गट-फ्रेंडली फूड को डाइट में शामिल करें. रोजाना हल्की एक्सरसाइज, योग और पर्याप्त नींद इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाती है. इसके साथ ही पानी भरपूर पिएं, तनाव कम करें और धूप से विटामिन डी लें. छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर आप घर बैठे ही अपनी इम्यूनिटी को पहचान भी सकते हैं और उसे लंबे समय तक मजबूत भी बना सकते हैं.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-is-your-immunity-strong-or-weak-find-out-with-these-5-simple-ways-expert-tips-to-boost-immunity-naturally-10135445.html







