Last Updated:
अदरक भारतीय रसोई का एक अहम हिस्सा होने के साथ-साथ कई औषधीय गुणों से भरपूर होता है. यह पाचन को बेहतर बनाने, सर्दी-खांसी में राहत देने और इम्युनिटी मजबूत करने में मदद करता है. लेकिन जहां इसके कई फायदे हैं, वहीं अधिक मात्रा में सेवन करने से कुछ नुकसान भी हो सकते हैं, इसलिए इसका उपयोग सीमित मात्रा में ही करना चाहिए.

अदरक पाचन तंत्र को मजबूत करने में काफी मददगार होता है. यह भोजन को जल्दी पचाने में सहायता करता है और पेट में बनने वाली गैस को कम करता है. जिन लोगों को अक्सर पेट फूलना, कब्ज या एसिडिटी की समस्या होती है, उनके लिए अदरक फायदेमंद साबित हो सकता है. नियमित रूप से थोड़ी मात्रा में अदरक का सेवन पेट को हल्का और आरामदायक बनाए रखने में मदद करता है.

अगर आपको मिचलाना या उल्टी जैसा महसूस हो, तो अदरक एक आसान घरेलू उपाय माना जाता है. यह मोशन सिकनेस में काफी राहत दे सकता है. गर्भावस्था के शुरुआती दिनों में होने वाली सुबह की मतली को कम करने में भी अदरक सहायक होता है. कुछ मामलों में कीमोथेरेपी के बाद होने वाली मतली में भी अदरक लाभ पहुंचा सकता है.

राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, नगर बलिया की पांच साल अनुभवी चिकित्साधिकारी डॉ. वंदना तिवारी के मुताबिक, अदरक में सूजनरोधी गुण पाए जाते हैं, जो शरीर में सूजन को कम करने में मदद करते हैं. खासकर यह गठिया या ऑस्टियोआर्थराइटिस से परेशान लोगों के लिए फायदेमंद माना जाता है. सीमित मात्रा में अदरक का सेवन करने से जोड़ों के दर्द और अकड़न में कुछ राहत मिल सकती है.
Add Bharat.one as
Preferred Source on Google

अदरक की तासीर गर्म होती है, इसलिए सर्दी-खांसी और गले की खराश में यह शरीर को अंदर से गर्म रखने में मदद करता है. अदरक की चाय या काढ़ा गले को आराम देता है और कफ को ढीला करने में सहायक हो सकता है. यही वजह है कि घरेलू नुस्खों में अदरक को खास महत्व दिया जाता है.साथ ही यह खाने का स्वाद भी कई गुना बढ़ा देता है.

अदरक हृदय स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है. यह कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है. साथ ही अदरक ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में भी सहायक हो सकता है, जिससे टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों को फायदा मिल सकता है. हालांकि, इसे दवा का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए और इसके सेवन से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है.

अदरक में एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्युनिटी पावर को मजबूत करते हैं. नियमित रूप से लगभग 2 ग्राम अदरक का सेवन करने से शरीर को संक्रमण से लड़ने की ताकत मिलती है. कई लोग सुबह अदरक, शहद और नींबू का मिश्रण लेते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देने के साथ इम्युनिटी बढ़ाने में भी मदद करता है.

अदरक सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है, लेकिन इसका अधिक सेवन नुकसान भी पहुंचा सकता है. लगभग दो से चार ग्राम से अधिक अदरक लेने से पेट में जलन या एसिडिटी बढ़ सकती है. जो लोग खून पतला करने वाली दवाएं लेते हैं या बवासीर की समस्या से जूझ रहे हैं, उन्हें बिना आयुर्वेद चिकित्सक की सलाह के अदरक का सेवन नहीं करना चाहिए, वरना लाभ की जगह हानि भी हो सकती है.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/health-ginger-health-benefits-and-side-effects-local18-10265297.html







