Home Food कुरकुरी बाटी और मसालेदार पंचमेल दाल, जानिए राजस्थान के इस राजसी स्वाद...

कुरकुरी बाटी और मसालेदार पंचमेल दाल, जानिए राजस्थान के इस राजसी स्वाद को घर पर बनाने का तरीका

0
3


Rajasthani Dal Baati Recipe: भारतीय पारंपरिक खाने की बात हो और राजस्थान का नाम आए, तो दाल बाटी का जिक्र खुद-ब-खुद हो जाता है. यह सिर्फ एक डिश नहीं, बल्कि राजस्थान की रसोई की पहचान है. घी में डूबी कुरकुरी बाटी और मसालों से महकती पंचमेल दाल का स्वाद ऐसा होता है कि एक बार खाने के बाद लोग इसे बार-बार खाना चाहते हैं. यही वजह है कि पहले यह डिश सिर्फ राजस्थान तक सीमित थी, लेकिन आज देश के लगभग हर हिस्से में इसे बड़े शौक से बनाया और खाया जाता है. दाल बाटी की खासियत यह है कि इसमें सादे मसाले, देसी घी और पारंपरिक तरीके का इस्तेमाल होता है. स्वाद के साथ-साथ यह काफी पौष्टिक भी मानी जाती है, क्योंकि इसमें कई तरह की दालें मिलाई जाती हैं.

जब इसे लहसुन की चटनी, प्याज और ठंडी छाछ के साथ परोसा जाता है, तब इसका मजा और बढ़ जाता है. अच्छी बात यह है कि इसे घर पर भी बहुत आसानी से बनाया जा सकता है, अगर आप सही तरीके से दाल और बाटी तैयार करते हैं, तो यकीन मानिए खाने वाले आपकी तारीफ करते नहीं थकेंगे. आइए जानते हैं राजस्थानी दाल बाटी बनाने का आसान और स्वाद से भरपूर तरीका.

दाल बाटी की खासियत क्यों है अलग
राजस्थान का मौसम काफी गर्म और सूखा रहता है, इसलिए वहां के खाने में ऐसी चीजें बनाई जाती हैं जो पेट भरे और शरीर को ताकत दे. दाल बाटी भी उसी सोच से जुड़ी डिश है. इसमें गेहूं की बाटी और कई तरह की दाल मिलकर एक ऐसा कॉम्बिनेशन बनाते हैं जो स्वाद और पोषण दोनों देता है.
सबसे खास बात इसका देसी घी है. जब गरमा गरम बाटी को घी में डुबोया जाता है, तो उसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. यही वजह है कि दाल बाटी को शाही और पारंपरिक व्यंजन माना जाता है.

दाल के लिए जरूरी सामग्री
पंचमेल दाल बनाने के लिए आपको अलग-अलग दालों का मिश्रण चाहिए.
-तूअर दाल – 1/4 कप
-मूंग दाल – 1/4 कप
-चना दाल – 1/4 कप
-मसूर दाल – 2 टेबल स्पून
-उरद दाल – 2 टेबल स्पून
-हल्दी – 1/2 चम्मच
-नमक – स्वाद के मुताबिक
-हरी मिर्च – 1 बारीक कटी
-अदरक पेस्ट – 1 चम्मच
-टमाटर – 1 बारीक कटा
-हींग – 1 चुटकी
-जीरा – 1/2 चम्मच
-लाल मिर्च पाउडर – 1/2 चम्मच
-घी – 2 टेबल स्पून
-हरा धनिया – ऊपर से डालने के लिए

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

बाटी के लिए सामग्री
-गेहूं का आटा – 2 कप
-सूजी – 1/4 कप
-नमक – स्वाद के अनुसार
-अजवाइन – 1/2 चम्मच
-घी – 1/4 कप (मोयन के लिए)
-पानी – आटा गूंथने के लिए
-घी – बाटी डुबाने के लिए

दाल बनाने का आसान तरीका
1. सबसे पहले सभी दालों को अच्छे से धो लें और करीब आधा घंटा पानी में भिगोकर रख दें. इससे दाल जल्दी पकती है और स्वाद भी अच्छा आता है.

2. अब कुकर में दाल, हल्दी, नमक और करीब तीन कप पानी डालें और 3 से 4 सीटी आने तक पकाएं.

3. दूसरी तरफ एक कड़ाही में घी गरम करें. उसमें हींग और जीरा डालें. इसके बाद अदरक, हरी मिर्च और टमाटर डालकर अच्छी तरह भूनें. जब मसाला पक जाए, तब लाल मिर्च डालें और उबली हुई दाल मिला दें.

4. दाल को कुछ मिनट मध्यम आंच पर पकने दें. आखिर में ऊपर से हरा धनिया डालें. आपकी स्वादिष्ट पंचमेल दाल तैयार है.

कुरकुरी बाटी बनाने का तरीका
1. सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, सूजी, नमक और अजवाइन डालें. इसमें घी डालकर अच्छे से मिलाएं ताकि मोयन ठीक से आटे में घुल जाए.

2. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. आटे से समान आकार की गोल बाटियां बना लें.

3. ओवन को 180°C पर प्रीहीट करें और बाटियों को करीब 25-30 मिनट तक सेंकें. बीच-बीच में उन्हें पलटते रहें ताकि हर तरफ से अच्छी तरह पक जाएं.

4. अगर ओवन नहीं है तो आप इन्हें तंदूर, कढ़ाही या मोटे तवे पर भी धीमी आंच पर पका सकते हैं.

5. जब बाटी सुनहरी और कुरकुरी हो जाए, तो उन्हें घी में डुबोकर प्लेट में निकाल लें.

परोसने का सही तरीका
एक बड़ी थाली में गरमा गरम दाल डालें और उसके साथ घी में डूबी बाटियां रखें. इसके साथ लहसुन की चटनी, कच्चा प्याज और ठंडी छाछ परोसें. यह कॉम्बिनेशन खाने में इतना शानदार लगता है कि लोग उंगलियां चाटते रह जाते हैं.


.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.

https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-rajasthani-dal-baati-recipe-traditional-dal-baati-with-panchmel-dal-ws-el-10275032.html

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here