Home Astrology Gupt Navratri 2026 special temple of maa Bhubaneshwari Temple in Jamshedpur |...

Gupt Navratri 2026 special temple of maa Bhubaneshwari Temple in Jamshedpur | जगत की अधिष्ठात्री देवी भुवनेश्वरी का जमशेदपुर में खास मंदिर, गुप्त नवरात्रि में विशेष पूजा, यहां का नजारा देखने लायक

0
0


Gupt Navratri 2026 Maa Bhubaneshwari Temple: भगवती को समर्पित गुप्त नवरात्रि का पर्व चल रहा है और रविवार को गुप्त नवरात्रि के सातवें दिन की पूजा अर्चना की जाएगी. गुप्त नवरात्रि में दस महाविद्याओं की पूजा की जाती है. दस महाविद्याओं में एक हैं, मां भुवनेश्वरी. माता भुवनेश्वरी देवी को संपूर्ण ब्रह्मांड की स्वामिनी, सृष्टिकर्ता और मूल प्रकृति माना जाता है. मां आकाश तत्व का प्रतीक हैं और संपूर्ण सृष्टि का भरण-पोषण मां के आशीर्वाद से ही होता है. इन मां भुवनेश्वरी देवी का भारत की स्टील सिटी के रूप में मशहूर जमशेदपुर में माता का भव्य मंदिर है, जो ना केवल भव्य है बल्कि मान्यता है कि यहां दर्शन मात्र से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं. आइए जानते हैं मां भुवनेश्वरी देवी के इस खास मंदिर के बारे में…

जगत की अधिष्ठात्री देवी मां भुवनेश्वरी
मां भुवनेश्वरी का यह मंदिर आध्यात्मिक आकर्षण का प्रमुख केंद्र है, जिन्हें जगत की अधिष्ठात्री देवी, संपूर्ण सृष्टि की रचनाकार और शक्ति, ऐश्वर्य, सौंदर्य और ज्ञान की देवी माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जब संसार में असुरों का अत्याचार बढ़ गया था, तब देवी-देवताओं ने भगवान शिव से सहायता मांगी. तब मां भुवनेश्वरी का प्राकट्य हुआ और उन्होंने भगवान शिव के साथ मिलकर दानवों का संहार किया.

माता की उपासना से हर सुख की प्राप्ति
पुराणों में उन्हें लौकिक महासागर और दस महाविद्याओं में से एक बताया गया है. उन्होंने राक्षस अंधका के खिलाफ भगवान शिव की सहायता की थी. मां दुर्गा ने भुवनेश्वरी रूप में अवतार लेकर असुरों का वध किया और संसार में संतुलन स्थापित किया. माता की उपासना से भक्तों को आध्यात्मिक बल, सुख-समृद्धि और शांति प्राप्त होती है. जमशेदपुर सुवर्णरेखा और खरकई नदियों के बीच बसा यह शहर नदियों के बीच की अपनी खूबसूरती के लिए जाना जाता है. यहां का टेल्को भुवनेश्वरी मंदिर, जिसे श्री भुवनेश्वरी मंदिर भी कहते हैं, खरंगाझार मार्केट के पास एक छोटी पहाड़ी पर लगभग 500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है.

मंदिर में आठ खंभों वाला मंडप
मंदिर की स्थापना साल 1978 में स्वामी रंगराजन जी महाराज ने की थी. कथा के अनुसार, माता ने उन्हें सपने में आकर मंदिर निर्माण की बात कही थी. यह द्रविड़ वास्तुकला शैली में बना है, जिसमें पांच मंजिला राजगोपुरम 64 फीट ऊंचा है और पांच कलशों से सजा हुआ है. मंदिर में आठ खंभों वाला मंडप है, जहां प्रत्येक खंभा देवी के अलग-अलग रूपों का प्रतीक माना जाता है. बाहरी दीवारों पर सुंदर नक्काशी है, जो इसे देखने में और भी शानदार बनाती है. मंदिर में प्रवेश करने पर 32 फुट ऊंचा गर्भगृह दिखता है, जिसमें देवी की भव्य मूर्ति स्थापित है.

दक्षिण भारतीय शैली में दिन में तीन बार पूजा
यहां से जमशेदपुर शहर और आसपास की नदियों का मनोरम नजारा दिखता है. मंदिर के आसपास का माहौल शांत और दिव्य है, जिसमें घुमावदार नदी भी इसकी सुंदरता बढ़ाती है. पुजारी यहां दक्षिण भारतीय शैली में दिन में तीन बार पूजा करते हैं, और सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाता है. यह मंदिर शक्ति उपासना का प्रमुख केंद्र है. आम दिनों के साथ ही विशेष अवसरों पर भी यहां भव्य पूजा-अर्चना होती है.

मंदिर में विशेष पूजा अर्चना
श्रद्धालुओं की मान्यता है कि मां भुवनेश्वरी की कृपा से परिवार में सुख-शांति, आर्थिक समृद्धि और सुरक्षा बनी रहती है. नवरात्रि के दिनों में मंदिर में विशेष भजन-कीर्तन और हवन का आयोजन होता है, जहां दूर-दूर से भक्त पहुंचते हैं. भुवनेश्वरी मंदिर न केवल स्थानीय लोगों के विश्वास का केंद्र है, बल्कि पर्यटकों के लिए भी एक आकर्षण है.


.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.

https://hindi.news18.com/news/dharm/gupt-navratri-2026-special-temple-of-maa-bhubaneshwari-temple-in-jamshedpur-know-importance-and-history-of-bhubaneshwari-mandir-ws-kl-10103838.html

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here