Maa Kali Ko Prasan Kaise Karen: मां काली को शक्ति, साहस और नकारात्मक शक्तियों के नाश की देवी माना जाता है. जब जीवन में डर, असुरक्षा, लगातार रुकावटें या किसी अनजानी परेशानी का एहसास होने लगता है, तब लोग मां काली की शरण में जाते हैं. मां काली का स्वरूप भले ही उग्र दिखाई देता हो, लेकिन अपने भक्तों के लिए उनका हृदय बेहद कोमल होता है. कहा जाता है कि जो भक्त सच्चे मन से मां काली को याद करता है, वह कभी अकेला नहीं रहता. मां काली को खुश करना कोई कठिन काम नहीं है. न तो इसके लिए बड़े यज्ञ जरूरी होते हैं और न ही बहुत जटिल विधियां, अगर भक्ति सच्ची हो और मन साफ हो, तो मां काली बहुत जल्दी प्रसन्न हो जाती हैं. उनकी पूजा में सरल सामग्री, मनपसंद भोग और कुछ प्रभावशाली मंत्रों का जप ही काफी माना गया है. यही वजह है कि मां काली की भक्ति आम लोगों के बीच बहुत लोकप्रिय है. इस आर्टिकल में हम जानेंगे मां काली को प्रसन्न करने के तीन आसान उपाय, सही पूजा सामग्री, उनके प्रिय भोग और मंत्र साधना का सरल तरीका, जिसे कोई भी भक्त आसानी से अपना सकता है.
मां काली की पूजा सामग्री
मां काली की पूजा में ज्यादा तामझाम की जरूरत नहीं होती. पूजा शुरू करने से पहले कुछ जरूरी चीजें पास में रख लेनी चाहिए ताकि बीच में पूजा न टूटे. मां काली की पूजा के लिए लाल फूल, एक लोटा साफ पानी, दीपक, माचिस, अगरबत्ती, कुमकुम, चंदन, लाल सिंदूर, गुड़, अनार या अनार का रस, काली चालीसा और काली माता की आरती की किताब रखी जाती है, अगर घर में मां काली की तस्वीर या मूर्ति हो, तो उसी के सामने पूजा की जा सकती है.
मां काली को प्रसन्न कैसे करें
मां काली को प्रसन्न करने का सबसे आसान तरीका है श्रद्धा और नियमित स्मरण. उन्हें दिखावे की पूजा पसंद नहीं आती. जो भक्त सच्चे दिल से उनका नाम लेता है, वही उनकी कृपा का पात्र बनता है. मां काली को गुड़ का भोग बहुत प्रिय माना जाता है. कई भक्त अनार या अनार का रस भी चढ़ाते हैं. ऐसा माना जाता है कि इन भोगों से मां जल्दी प्रसन्न होती हैं और भक्तों के कष्ट दूर करती हैं.
मां काली को बुलाने के मंत्र
भक्त अपनी क्षमता के अनुसार इन मंत्रों का जप कर सकते हैं:
क्रीं हूं हूं ह्रीं हूं हूं क्रीं स्वाहा.
क्रीं क्रीं क्रीं हूं हूं ह्रीं ह्रीं स्वाहा.
नमः ऐं क्रीं क्रीं कालिकायै स्वाहा.
नमः आं आं क्रों क्रों फट स्वाहा कालिका हूं.

मां काली को खुश करने के 3 सरल उपाय
1. रोज मां काली की पूजा करें
अगर आप चाहते हैं कि मां काली आप पर अपनी कृपा बनाए रखें, तो रोज थोड़ी देर उनकी पूजा जरूर करें. सुबह नहा-धोकर साफ मन से दीपक जलाकर उनका नाम लें. पूजा में ज्यादा समय न हो, लेकिन मन एकाग्र होना चाहिए.
2. मां काली का मनपसंद भोग चढ़ाएं
मां काली को गुड़ और अनार बहुत पसंद है. शुक्रवार या अमावस्या के दिन यह भोग चढ़ाने से विशेष फल मिलता है. भोग चढ़ाते समय मन में कोई गलत भावना न रखें.

3. मां काली के मंत्रों का जप करें
अगर आप बहुत व्यस्त रहते हैं और रोज पूजा नहीं कर पाते, तब भी मंत्र जप से मां काली को खुश किया जा सकता है. चलते-फिरते या खाली समय में उनके मंत्रों का स्मरण करें. इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर रहती है और मन मजबूत बनता है.
मां काली की मंत्र साधना का सरल तरीका
मां काली की मंत्र साधना अमावस्या की रात को करना अच्छा माना जाता है. रात करीब 12 बजे पूजा स्थल पर दीपक जलाकर मां काली की तस्वीर या मूर्ति के सामने बैठें. लाल सिंदूर का टीका लगाएं और मंत्रों का जप शुरू करें. साधना के समय मन को शांत रखें और डर बिल्कुल न रखें. माना जाता है कि सच्ची भक्ति से मां काली जल्दी प्रसन्न होती हैं और भक्त को मनचाहा फल देती हैं.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/astro/astro-tips-maa-kali-ko-prasan-kaise-karen-jane-3-saral-upay-ws-e-10108610.html

















