Last Updated:
रमज़ान के मौके पर हैदराबाद के चारमीनार और आसपास के बाजार रौनक से भर गए हैं. लोग देर रात तक ईद की खरीदारी, पारंपरिक चूड़ियां, कपड़े, मिठाइयाँ और स्वादिष्ट हलीम-बिरयानी का आनंद ले रहे हैं.
Charminar bazar
हैदराबाद- रमज़ान का पाक महीना चल रहा है. मुस्लिम समुदाय इस पूरे महीने में रोज़े रखकर इबादत करते हैं और इसके बाद ईद का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाते हैं. हैदराबाद का चारमीनार क्षेत्र इस अवसर पर खास चमक उठता है, और वहां के बाजारों में इन दिनों भारी भीड़ देखने को मिल रही है. लोग पूरे जोश के साथ ईद की तैयारियों में जुटे हैं और देर रात तक बाजारों में खरीदारी करते नजर आ रहे हैं.
ईद की खरीदारी से गुलजार बाज़ार
चारमीनार के आसपास की गलियां और सड़कें रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट से जगमगा रही हैं. इत्र की महक से माहौल खुशनुमा हो जाता है. दुकानों पर नए कपड़े, जूते, टोपियां, इत्र, मिठाइयां और कई अन्य त्योहार से जुड़े सामानों की बहार है. ग्राहकों ने बताया कि पारंपरिक हैदराबादी चूड़ियां, बिंदी और गहने यहां की खरीदारी का अहम हिस्सा होते हैं.
चारमीनार के नज़दीकी प्रमुख बाजार
चारमीनार के आसपास लाड बाजार, पठेरघट्टी और मदीना बाजार जैसे इलाके इस समय विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. इन बाजारों की दुकानें देर रात तक खुली रहती हैं और लोग पूरे उत्साह के साथ यहां खरीदारी का आनंद लेते हैं. ईद के मौके पर यह इलाका न सिर्फ हैदराबाद के लोगों को, बल्कि आसपास के शहरों से भी आने वाले ग्राहकों को आकर्षित करता है.
खरीदारी के साथ स्वादिष्ट भोजन का आनंद
खरीदारी के बीच लोग चारमीनार के पास स्थित निमरा कैफे में चाय और बन मक्खन का आनंद लेना नहीं भूलते. इसके अलावा रमज़ान के दौरान यहां हलीम और बिरयानी के प्रसिद्ध स्टॉल भी लोगों की भीड़ से भरे रहते हैं. यहां का खाना इस पवित्र महीने में और भी स्वादिष्ट लगने लगता है.
Hyderabad,Telangana
March 19, 2025, 14:15 IST
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/andhra-pradesh/hyderabad-people-are-enjoying-eid-shopping-in-hyderabad-market-local18-9112429.html

















