उज्जैन. वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर की दिशाओं और उसमें रखी वस्तुओं का हमारे जीवन पर गहरा असर होता है. हर चीज़ अपने स्तर पर ऊर्जा का संचार करती है, जो परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य, मनोबल और भाग्य को प्रभावित करती है. अक्सर देखा जाता है कि लोग कड़ी मेहनत करके धन अर्जित करते हैं, लेकिन वह न तो पर्स में ठहरता है और न ही तिजोरी में, ऐसे में कई बार यह समझ पाना मुश्किल हो जाता है कि असली कमी कहां हो रही है. वास्तु के छोटे-छोटे बदलाव से इस समस्या को दूर किया जा सकता है और धन-संपत्ति में स्थिरता लाई जा सकती है.
उज्जैन के आचार्य आनंद भारद्वाज नें बताया कि वास्तु शास्त्र के अनुसार यदि घर के कमरे और अन्य चीजें सही दिशा में रखी जाएं, तो ऊर्जा संतुलित रहती है और जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है. वहीं, किसी भी वस्तु का गलत स्थान नकारात्मक ऊर्जा को आमंत्रित करता है. कई लोग इसे मानते हैं, तो कुछ इसे नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन इन गलतियों का असर सीधे ग्रहो पर पड़ता है.
स्वास्थ्य और समृद्धि मे आ सकती है बाधा
वास्तु शास्त्र में हर वस्तु को रखने की सही दिशा बताई गई है ताकि घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहे. इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि कौन-सी चीजें किस दिशा में नहीं रखनी चाहिए, क्योंकि इन्हें अनदेखा करना घर और परिवार पर नकारात्मक असर डाल सकता है. खासकर घर के डस्टबिन और कूड़ेदान को रखने की दिशा पर ध्यान देना बेहद जरूरी है. सही दिशा में रखने से न केवल घर स्वच्छ रहता है, बल्कि स्वास्थ्य और समृद्धि में भी वृद्धि होती है.
देवताओं की दिशा का रखे ध्यान
शास्त्रों के अनुसार, घर में डस्टबिन (कचरा पात्र) को उत्तर-पूर्व दिशा में रखना अशुभ माना जाता है. इस दिशा को ईशान कोण कहा जाता है और इसे देवी-देवताओं का स्थान माना जाता है. अगर कचरा इसी दिशा में रखा जाए तो घर की वास्तु दोषग्रस्त हो सकती है और आर्थिक परेशानियों का कारण बन सकती है. इसलिए घर में कचरा रखने की दिशा का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है.
कौन सी दिशा है शुभ
वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में डस्टबिन या कूड़ेदान रखने के लिए सबसे उपयुक्त दिशा दक्षिण और पश्चिम मानी जाती है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम दिशा में भी डस्टबिन रखना ठीक रहता है. इन दिशाओं में कचरा रखने से घर में नकारात्मक ऊर्जा नहीं आती और परिवार का वातावरण स्वच्छ और सकारात्मक बना रहता है.वहीं, किसी भी अन्य दिशा में कूड़ेदान रखने से घर में बाधाएं और आर्थिक या स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं. साथ ही यह भी कहा गया है कि कभी भी जूठे हाथों से कचरा डस्टबिन में नहीं डालना चाहिए, क्योंकि इससे अशुभप्रभाव पड़ते हैं और वास्तु दोष उत्पन्न होता है.
ग्रहो का बिगड़ सकता है खेल
डस्टबिन (कूड़ेदान) का सीधा संबंध किसी ग्रह से नहीं होता, बल्कि वास्तु शास्त्र के अनुसार इसकी सही दिशा और स्थान का संबंध ग्रहों और ऊर्जा से होता है, जिसमें शनि, राहु, और केतु जैसे ग्रहों से जुड़ी ऊर्जाओं को संतुलित करने के लिए इसे दक्षिण-पश्चिम या पश्चिम दिशा में रखना शुभ माना जाता है, जबकि ईशान कोण (उत्तर-पूर्व) में रखने से बचना चाहिए.दक्षिण पश्चिम दिशा में डस्टबिन रखने से वास्तु शास्त्र में इस बात का जिक्र मिलता है कि घर में खर्चा कम होता है. इस दिशा को फायदे और मेहनत का फल देने वाला माना जाता है. छात्र जीवन में भी इस दिशा को महत्वपूर्ण माना गया है. ऐसा इसलिए क्योंकि फोकस करने में भी मदद मिलती है.







