हरिद्वार: साल 2025 की विदाई होने में 13 दिन का समय रह गया है. नए साल पर सुख समृद्धि, खुशहाली प्राप्त करना हर कोई चाहता है. नया साल उनके लिए सुखमय और तरक्की वाला हो यह इच्छा सभी के मन में होती है. धार्मिक ग्रंथों के अनुसार साल के पहले दिन यदि कुछ खास वस्तुएं दान की जाएं, तो साल भर आरोग्यता बनी रहती है और जीवन में कोई समस्या नहीं होती हैं. वेदों पुराणों शास्त्रों के अनुसार दान करने का सबसे अधिक महत्व होता है.
किन चीजों का करें दान
नया साल सभी के लिए सुखद और तरक्की प्रदान करने वाला हो इसकी ज्यादा जानकारी देते हुए हरिद्वार के विद्वान ज्योतिषाचार्य पंडित श्रीधर शास्त्री बताते हैं कि शास्त्रों में सबसे अधिक महत्व दान करने का होता है. साल 2026 का पहला दिन 1 जनवरी बृहस्पतिवार की होगी. शास्त्रों में गौ दान, वस्त्र दान, अन्न दान, स्वर्ण दान आदि के महत्व का वर्णन किया गया है. साल के पहले दिन यदि अपनी राशि के अनुसार किसी जरूरतमंद, गरीब या असहाय व्यक्ति को दान किया जाए तो सभी ग्रहों का अच्छा प्रभाव पड़ता है और जीवन में आने वाली सभी समस्याएं खत्म हो जाती हैं.
मेष और वृश्चिक राशि: पंडित श्रीधर शास्त्री बताते हैं कि मेष और वृश्चिक राशि के स्वामी मंगल ग्रह हैं. इन दोनों राशियों के जातक यदि 1 जनवरी बृहस्पतिवार को लाल रंग की वस्तुएं, लाल रंग के वस्त्र, लाल रंग की मिठाई, फल-फूल और दैनिक जीवन में इस्तेमाल होने वाली वस्तुएं दान करेंगे तो साल भर आरोग्यता और ऊर्जा बनी रहेगी साथ ही सभी ग्रहों का शुभ फल प्राप्त होगा.
वृषभ और तुला राशि: वह बताते हैं कि इन दोनों राशियों के स्वामी शुक्र ग्रह है. इन दोनों राशियों के जातकों को 1 जनवरी बृहस्पतिवार के दिन सफेद रंग की वस्तुएं जैसे सफेद रंग के वस्त्र, सफेद रंग की मिठाई, चीनी, बुरा, आटा, दूध, मोतियों की माला, सफेद बर्फी आदि दान करने पर साल भर ग्रहों का शुभ प्रभाव प्राप्त होगा.
मिथुन और कन्या राशि: वह बताते हैं कि मिथुन और कन्या राशि के स्वामी बुध ग्रह हैं जबकि इष्ट देव भगवान गणेश है. 1 जनवरी बृहस्पतिवार के दिन इन दोनों राशियों के जातकों को गाय को हरा चारा, हरे रंग के कपड़े, हरे रंग की मिठाई, हरी सब्जियां, हरे रंग के फल आदि वस्तुएं दान करने पर बुध ग्रह कुंडली में मजबूत होकर आरोग्यता और आर्थिक लाभ प्रदान करेंगे साथ ही सभी ग्रहों का शुभ फल प्राप्त होगा.
कर्क राशि: ज्योतिषी पंडित श्रीधर शास्त्री बताते हैं की कर्क राशि के स्वामी चंद्रमा ग्रह है. 1 जनवरी बृहस्पतिवार के दिन सफेद रंग की वस्तुएं किसी जरूरतमंद, गरीब या असहाय व्यक्ति को दान देने पर लाभ मिलेगा. 1 जनवरी बृहस्पतिवार के दिन सफेद रंग के वस्त्र, सफेद रसगुल्ले, सफेद बर्फी, सफेद रंग के पुष्प, चांदी आदि दान देने का महत्व बताया गया है.
सिंह राशि: वह बताते हैं कि सिंह राशि के स्वामी ग्रहों के स्वामी सूर्य देव हैं. 1 जनवरी बृहस्पतिवार के दिन सिंह राशि वाले जातकों को लाल रंग की वस्तुएं अनार, चुकंदर, लाल रंग के कपड़े, लाल रंग का अनाज, लाल रंग के फल, फूल, सब्जियां और दैनिक जीवन में उपयोग होने वाले वस्तुएं देने पर सभी ग्रहों का शुभ प्रभाव प्राप्त होगा.
धनु और मीन राशि: वह बताते हैं की धुन और मीन राशि के स्वामी गुरु बृहस्पति हैं. संयोग से साल 2026 का पहला दिन बृहस्पतिवार का है. इस दिन गुरु ग्रह संबंधित पीले रंग की वस्तुएं जैसे वस्त्र, पीले रंग के फल, फूल, पुखराज रत्न आदि दान देने पर सभी ग्रहों का सकारात्मक प्रभाव मिलेगा और साल 2026 सुखद रहेगा.
मकर और कुंभ राशि: वह आगे बताते हैं कि इन दोनों राशियों के स्वामी न्याय के देवता शनि देव हैं. इन दोनों राशियों के जातकों को 1 जनवरी के दिन गहरे रंग के वस्त्र, बर्तन, लोहे की वस्तुएं आदि दान देने पर शनि ग्रह प्रसन्न होकर आरोग्यता का वरदान देंगे साथ ही सभी ग्रह कुंडली में अनुकूल होकर सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करेंगे.
1 जनवरी बृहस्पतिवार के दिन अपनी राशि के अनुसार खाने-पीने की वस्तुएं, वस्त्र और दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली वस्तुएं अपनी राशि के अनुसार दान करने पर सभी ग्रहों का शुभ फल प्राप्त होगा. साथ ही, जीवन में आने वाली सभी समस्याएं खत्म हो जाएंगी. धार्मिक ग्रंथो मेंं दान करने का सबसे अधिक महत्व बताया गया है.







