Premanand Ji Maharaj: आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में मन की शांति एक सपना बन गई है. हर दिन न जाने कितनी बातों से मन भारी हो जाता है. तनाव, चिंता, असफलताएं और सामाजिक दबाव. ऐसे में अगर कोई रास्ता दिखाने वाला मिल जाए, जो मन को हल्का कर सके, तो उससे बेहतर कुछ नहीं. प्रेमानंद जी महाराज ऐसे ही एक आध्यात्मिक मार्गदर्शक हैं, जिनके शब्द लोगों के दिल को छू जाते हैं. उनके बताए उपाय न केवल आसान हैं, बल्कि बेहद प्रभावी भी हैं. इन उपायों को अपना कर आप धीरे धीरे आप देखेंगे कि ज़िंदगी पहले से ज्यादा सुकूनभरी और संतुलित हो गई है.
प्रेमानंद जी महाराज का कहना है कि जीवन में शांति पाने के लिए पहले मन को शांत करना ज़रूरी है. जब मन हल्का होता है, तब ही इंसान सही फैसले ले सकता है और अपने जीवन को संतुलित बना सकता है. आइए जानें उनके बताए कुछ ऐसे उपाय, जिनसे मन की नकारात्मकता दूर की जा सकती है.
1. भगवान का नाम लेना है सबसे असरदार उपाय
महाराज जी बार बार इस बात पर ज़ोर देते हैं कि भगवान का नाम अपने आप में एक ऊर्जा है. जब भी मन बेचैन हो, किसी चिंता में फंसा हो या नकारात्मक सोच से घिरा हो, तो बस कुछ पल के लिए आंखें बंद करें और प्रभु का नाम लें. यह साधारण सा दिखने वाला तरीका मन को अंदर से मजबूत करता है और बुरे विचारों को खुद ब खुद हटाने लगता है.
2. हर दिन करें प्रभु का स्मरण
जब हम रोज़ कुछ समय भगवान के स्मरण में लगाते हैं, तो एक विशेष शांति का अनुभव होता है. प्रेमानंद जी महाराज कहते हैं कि यह आदत हमारे भीतर सकारात्मक सोच को जन्म देती है. ऐसा करने से न सिर्फ मन हल्का होता है, बल्कि धीरे धीरे जीवन में संतुलन भी आने लगता है.
3. तनाव से दूरी बनाएं
आज हर कोई किसी न किसी वजह से तनाव में रहता है, लेकिन महाराज जी कहते हैं कि इस तनाव को पकड़ कर रखना ही हमारे लिए सबसे बड़ा नुकसान है. जब मन अशांत हो, तो थोड़ी देर खुद से बात करें, कोई भक्ति गीत सुनें या शांत वातावरण में बैठें. उन्होंने यह भी बताया है कि अगर हम मन को ध्यान में लगाएंगे और उसमें प्रभु के लिए थोड़ी जगह बनाएंगे, तो तनाव खुद ही कम हो जाएगा.
4. आध्यात्म से जुड़ना है समाधान की कुंजी
प्रेमानंद जी महाराज की बातों का सार यही है कि इंसान जब तक आत्मा से नहीं जुड़ता, तब तक सच्ची शांति नहीं पा सकता. उनके अनुसार, आध्यात्मिकता सिर्फ पूजा पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सोच है, एक नज़रिया है जिससे हम जीवन की हर स्थिति को सहजता से समझ सकते हैं. और जब समझ आ जाए, तो नेगेटिव सोच का कोई स्थान नहीं बचता. (Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)







