Maha Shivratri Kab Hai. हिंदू धर्म में महाशिवरात्रि को पावन और महत्वपूर्ण पर्व माना गया है. यह शिव भक्तों के लिए आस्था और साधना का सबसे बड़ा अवसर होता है. हर साल फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को यह पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है. इस साल महाशिवरात्रि 15 फरवरी को आ रही है, जिस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है.
उज्जैन के आचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, महाशिवरात्रि के दिन दान का विशेष महत्व होता है. इस शुभ अवसर पर कुछ खास वस्तुओं का दान करने से भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होते हैं और भक्तों पर अपनी अपार कृपा बरसाते हैं. इन 5 विशेष सामग्रियों का दान करने से जीवन में आ रही बाधाएं दूर हो सकती हैं, रुके हुए कार्य पूरे होते हैं और महादेव की कृपा से भाग्य भी करवट ले सकता है. इतना ही नहीं कुंडली में बने दोष के साथ पितृ दोष भी खत्म होता है. आइए जानते हैं इस तिथि के विशेष दान…
कब मनाई जाएगी महाशिवरात्रि?
वैदिक पंचांग के अनुसार, इस साल फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि 15 फरवरी दिन रविवार को शाम 05 बजकर 04 मिनट से शुरू होगी. यह चतुर्दशी तिथि 16 फरवरी दिन सोमवार को शाम 5 बजकर 34 मिनट तक रहेगी. ऐसे में महाशिवरात्रि 15 फरवरी दिन रविवार को मनाई जाएगी. 15 फरवरी को महाशिवरात्रि व्रत रखा जाएगा और भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा की जाएगी.
जरूर करें इन 5 चीजों का दान
1. महाशिवरात्रि पर जरूरतमंदों को वस्त्र दान करने से भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं और धन-धान्य से संपन्न होने का आशीर्वाद देते हैं. मान्यता है कि महाशिवरात्रि वाले दिन वस्त्र दान करने से आर्थिक स्थिति में सुधार आता है.
2. महाशिवरात्रि पर काले तिल का दान करने से भोलेनाथ की कृपा प्राप्त होती है. पितृदोष परेशान लोगों को राहत मिलती है. वहीं काफी हद तक इस दोष का असर कम हो जाता है. शास्त्रों के अनुसार, माना जाता है कि महाशिवरात्रि पर तिल दान से शनि दोष भी समाप्त हो जाता है, क्योंकि शनिदेव के गुरु भगवान शिव हैं.
3. महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ की असीम कृपा पाने के लिए इस दिन जल अर्पित करने से पुण्य की प्राप्ति होती है. शास्त्रों में जल पिलाना और उसका दान करने का सर्वाधिक महत्व है.
4. महाशिवरात्रि पर गाय का कच्चा दूध शिवलिंग पर चढ़ाने के अनेक फल प्राप्त होते हैं. वहीं, पूजा पद्धति के अनुसार इस दिन इसका दान करने से घर में समृद्धि और सुख प्राप्त होता है. इसके दान से कुंडली में चंद्रमा भी मजबूत होता है.
5. महाशिवरात्रि पर मान्यता है कि गौ के दूध से बना शुद्ध देसी घी का दान करने से दरिद्रता दूर होती है. ज्ञान-बुद्धि की प्राप्ति भी होती है







