ऋषिकेश: हनुमान जन्मोत्सव हर वर्ष चैत्र पूर्णिमा को बड़े श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है. यह दिन भगवान हनुमान के जन्म की खुशी में मनाया जाता है, जो भगवान राम के परम भक्त और असीम शक्ति, भक्ति, बुद्धि तथा बल के प्रतीक हैं. भक्तजन इस दिन व्रत रखते हैं, सुंदरकांड, हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं और हनुमान जी को विविध प्रकार के भोग अर्पित करते हैं. ताकि वे प्रसन्न हों और अपने भक्तों पर कृपा बनाए रखें.
Bharat.one के साथ बातचीत के दौरान उत्तराखंड के ऋषिकेश में स्थित गृह स्थानम के ज्योतिषी अखिलेश पांडेय ने कहा कि हनुमान जन्मोत्सव एक ऐसा पावन अवसर है. जब भक्त अपने आराध्य को प्रसन्न करने का हर संभव प्रयास करते हैं. इस साल हनुमान का पर्व 12 अप्रैल को मनाया जाएगा. इस दिन श्रद्धा और भक्ति से अर्पित किया गया कोई भी भोग प्रभु भगवान हनुमान को प्रिय होता है, लेकिन यदि इन 8 चीजों को विधिपूर्वक अर्पित किया जाए, तो हनुमान जी विशेष रूप से प्रसन्न होते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं.
1. पान का भोग:
हनुमान जी को पान अर्पित करना शुभ माना जाता है. कहा जाता है कि पान चढ़ाने से शत्रु बाधाएं दूर होती हैं और कार्य में सफलता प्राप्त होती है. यह भोग विशेष रूप से मंगलवार और हनुमान जन्मोत्सव के दिन चढ़ाना अत्यंत फलदायी होता है.
2. गुड़ और चना:
गुड़ और भुना हुआ चना हनुमान जी का प्रिय प्रसाद है. यह साधारण परंतु अत्यंत प्रभावशाली भोग है. मान्यता है कि इससे घर में सुख, समृद्धि और शांति बनी रहती है. यह प्रसाद भक्तों को ऊर्जा और सकारात्मकता से भर देता है.
3. नारियल:
हनुमान जी को साबुत नारियल अर्पित करने की परंपरा है. नारियल को तोड़कर नहीं, बल्कि साबुत रूप में अर्पित किया जाना चाहिए, तभी वह स्वीकार होता है. यह भोग समर्पण और पूर्णता का प्रतीक माना जाता है.
4. केला:
केला फल हनुमान जी को अत्यंत प्रिय है. जो भी भक्त उन्हें श्रद्धा से केले का भोग अर्पित करता है, उसे प्रभु की विशेष कृपा प्राप्त होती है. यह भोग रामभक्ति की ओर ले जाता है और जीवन में मिठास लाता है.
5. लड्डू:
बेसन या बूंदी के लड्डू हनुमान जी को अर्पित करना शुभ माना जाता है. विशेष रूप से मंगलवार को लड्डू का भोग बहुत ही प्रभावशाली होता है.
6. सिंदूर और चमेली का तेल:
हालांकि यह खाने योग्य प्रसाद नहीं है, लेकिन यह भोग स्वरूप हनुमान जी को चढ़ाया जाता है. सिंदूर और चमेली के तेल का मिश्रण हनुमान जी को अत्यंत प्रिय है और इसे उनके शरीर पर चढ़ाने से संकट दूर होते हैं.
7. खजूर:
खजूर ऊर्जा का प्रतीक है और इसे हनुमान जी को चढ़ाना शुभ माना गया है. यह भोग विशेष रूप से उपवास के समय भी उपयोग में लाया जाता है.
8. मोतीचूर के लड्डू:
यह पारंपरिक भोग भी हनुमान जी को अत्यंत प्रिय है. भक्तजन इस भोग को मंदिर में चढ़ाकर प्रसाद स्वरूप वितरित करते हैं.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी, राशि-धर्म और शास्त्रों के आधार पर ज्योतिषाचार्य और आचार्यों से बात करके लिखी गई है. किसी भी घटना-दुर्घटना या लाभ-हानि महज संयोग है. ज्योतिषाचार्यों की जानकारी सर्वहित में है. बताई गई किसी भी बात का Bharat.one व्यक्तिगत समर्थन नहीं करता है.







