वाराणसी: काशी के कण-कण में शंकर हैं. यहां खुद नाथों के नाथ बाबा विश्वनाथ विराजमान हैं. जिनके धाम की खूबसूरती निराली है. काशी में बाबा विश्वनाथ के अद्भुत धाम में हर दिन भीड़ बढ़ती जा रही है. भीड़ बढ़ने के साथ अब श्रद्धालुओं को बाबा के दर्शन के लिए भी थोड़ा ज्यादा समय धाम में बिताना पढ़ रहा है, जिसको देखते हुए अब मंदिर प्रशासन ने खास प्लान तैयार किया है. इस प्लान के तहत अब धाम क्षेत्र में जगह-जगह श्रद्धालुओं को बाबा का दर्शन हो सकेगा.
इसके लिए एलईडी स्क्रीन लगाई गई है. इतना ही नहीं आरती के समय जब भक्त कतार में इंतजार कर रहे होंगे. तब भी भक्त एलईडी स्क्रीन पर बाबा का लाइव आरती देख सकेंगे. काशी विश्वनाथ विशिष्ट तीर्थ क्षेत्र के एसडीएम शम्भू कुमार ने बताया कि पूरे धाम क्षेत्र में कुल 11 जगहों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही है. जिसके इंस्टॉलेशन का काम भी पूरा हो गया है.
नौका विहार के दौरान भी होंगे दर्शन
काशी विश्वनाथ के मुख्य गेट के अलावा मंदिर चौक, धाम क्षेत्र और मणिकर्णिका घाट पर भी बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है. मणिकर्णिका घाट पर लगे एलईडी स्क्रीन के जरिए शाम को गंगा में नौका विहार करने वाले श्रद्धालु और पर्यटक भी गंगा की गोद से बाबा विश्वनाथ का लाइव दर्शन कर सकेंगे.
मंदिर न्यास ने लिया था फैसला
अलग-अलग जगहों पर जगह के मुताबिक बड़ी छोटी साइज के एलईडी स्कीन को लगाया गया है. बता दें कि काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने इसका फैसला लिया था, जिसके बाद इसे धाम में लगाने का काम पूरा किया गया है.
FIRST PUBLISHED : December 6, 2024, 15:27 IST
