Last Updated:
Vada Pav Recipe: मुंबई के प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड ‘वड़ा पाव’ का स्वाद अब आप अपने घर की रसोई में भी ले सकते हैं. कोडरमा की कविता कुमारी द्वारा इसे बनाने की बेहद सरल विधि साझा की गई है. तीखी-मिट्ठी चटनी और तली मिर्च के साथ यह नाश्ता सबको दीवाना बना देगा.
कोडरमाः वड़ा पाव को लोकप्रिय स्ट्रीट फूड में से एक माना जाता है. कई स्थानो पर इसे गरीबों का बर्गर भी कहा जाता है. क्योंकि यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सस्ता और पेट भरने वाला भोजन होता है. सुबह के नाश्ते में जल्दी बनने वाला यह व्यंजन लोगों को काफी पसंद आता है. वहीं शाम के समय चाय के साथ भी लोग इसका स्वाद लेना पसंद करते हैं.
कॉलेज, बाजार और ऑफिस के आसपास वड़ा पाव की दुकानें आसानी से देखने को मिल जाती हैं. जहां बड़ी संख्या में लोग इसका आनंद लेते हैं. हालांकि कई लोग इसे घर पर भी बनाना चाहते हैं. लेकिन सही विधि की जानकारी नहीं होने के कारण इसे तैयार नहीं कर पाते. ऐसे में कविता कुमारी ने घर पर आसानी से स्वादिष्ट वड़ा पाव बनाने की सरल विधि साझा की है.
इन सामग्रियों की होती आवश्यकता
उन्होंने बताया कि वड़ा पाव बनाने के लिए सबसे पहले जरूरी सामग्रियों को तैयार करना होता है. इसके लिए पाव, बेसन, आलू, प्याज, अदरक, हरी मिर्च, नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, अजवाइन, मंगरेला, सौफ और तेल की आवश्यकता होती है. इसके अलावा स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें पीनट्स भी डाले जा सकते हैं. उन्होंने बताया कि वड़ा पाव बनाने की प्रक्रिया की शुरुआत आलू के मसाले से होती है. इसके लिए सबसे पहले कढ़ाई में तेल गर्म किया जाता है.
जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए तो उसमें सौफ डाली जाती है. इसके बाद बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालकर एक से दो मिनट तक अच्छी तरह भून लिया जाता है. जब मसाला हल्का सुनहरा होने लगे तो इसमें स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर डाल दिया जाता है. इस दौरान चाहें तो पीनट्स भी डाले जा सकते हैं, जिससे स्वाद और भी बेहतर हो जाता है.
वड़ा के लिए ऐसे तैयार करें मसाले
कविता ने बताया कि इसके बाद उबले हुए आलू के छिलके हटाकर उन्हें अच्छी तरह मैश कर ले और कढ़ाई में डाल कर आलू और मसाले को चार से पांच मिनट तक अच्छी तरह पकाए. जिससे वड़ा के लिए स्वादिष्ट मसाला तैयार हो जाता है. अब वड़ा के लिए बेसन का बैटर तैयार करे. इसके लिए एक बर्तन में बेसन और उसमें हल्दी, स्वादानुसार नमक, अजवाइन, मंगरेला और एक चुटकी खाने वाला सोडा मिलाया जाता है. इसके बाद इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार किया जाता है. अब तैयार आलू के मसाले से छोटे-छोटे गोले बना लिए जाते हैं. इन गोलों को बेसन के घोल में डुबोकर गर्म तेल में डाला जाता है और सुनहरा होने तक तला जाता है. इस तरह कुरकुरे और स्वादिष्ट वड़े तैयार हो जाते हैं.
चटनी से बढ़ता है स्वाद
उन्होंने बताया कि अंत में पाव को बीच से काटकर दो हिस्सों में कर लिया जाता है. सबसे पहले उसमें हरी चटनी की एक परत लगाई जाती है, फिर इमली की चटनी डाली जाती है. इसके बाद तला हुआ वड़ा रखकर पाव को बंद कर दिया जाता है. इसके साथ बेसन के घोल में डुबोकर तली हुई हरी मिर्च भी परोसी जाती है. इस तरह घर पर ही बेहद आसान तरीके से स्वादिष्ट और लाजवाब वड़ा पाव तैयार किया जा सकता है.
About the Author

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-koderma-kavita-kumari-shares-easy-method-to-make-vada-pav-at-home-know-ingredients-ws-l-10267133.html







