Last Updated:
गाजर–तिल लड्डू रेसिपी: सर्दियों में नागौर में गाजर–तिल के लड्डू की मांग तेजी से बढ़ी है. यह मिठाई स्वादिष्ट होने के साथ हेल्दी भी है, क्योंकि इसमें गाजर, तिल और गुड़ के पोषक तत्व शामिल हैं. आसान रेसिपी, बेहतर ऊर्जा और कम घी की वजह से लोग इसे पसंद कर रहे हैं, जिससे स्थानीय महिलाओं को भी रोजगार मिल रहा है.

जब बात मिठाइयों की आती है तो सबसे पहले मिठाइयों में लड्डू का अपना एक अलग ही स्थान है. चाहे त्योहार हो, खुशी का मौका हो या बस यूँ ही मीठा खाने का मन हो, लड्डू हमेशा सबसे पहले याद आते हैं. हमने तिल के लड्डू, मोतीचूर के लड्डू, बेसन के लड्डू, सूजी के लड्डू खाए हैं, लेकिन क्या आपने कभी गाजर के लड्डू खाए हैं? जी हाँ, आज हम बात कर रहे हैं एक नए, स्वादिष्ट और बेहद पौष्टिक लड्डू की जो है गाजर-तिल का लड्डू. यह लड्डू न सिर्फ़ स्वाद में लाजवाब है, बल्कि शरीर को ऊर्जा, गर्माहट और पोषण देने में भी बेहतरीन माना जाता है.

सर्दियों का मौसम आते ही गाजर और तिल दोनों ही अपनी पौष्टिकता के लिए सबसे ज़्यादा उपयोग में लिए जाते हैं. गाजर विटामिन A और फ़ाइबर का बढ़िया स्रोत है, वहीं तिल कैल्शियम और हेल्दी फैट्स से भरपूर होता है. जब इन दोनों को गुड़ की प्राकृतिक मिठास के साथ मिलाया जाता है, तब ऐसी मिठाई तैयार होती है जो शरीर को गर्म रखती है, खून साफ़ करती है और प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) भी बढ़ाती है.

फ़ूड एक्सपर्ट ललिता ने गाजर-तिल के लड्डू बनाने की सबसे आसान विधि बताई है. सबसे पहले ताज़ी गाजर को धोकर छील लिया जाता है. फिर इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर स्टीम किया जाता है. स्टीम होने से गाजर नर्म होने के साथ-साथ अपने प्राकृतिक स्वाद में और भी मीठी हो जाती है. इसके बाद स्टीम की गई गाजर को मैश करके चिकना पेस्ट बनाया जाता है. इसमें दो चम्मच चावल का आटा मिलाकर एक मुलायम आटा तैयार किया जाता है, जो लड्डू के आकार को आसानी से पकड़ लेता है.
Add Bharat.one as
Preferred Source on Google

अब इस गूंथे हुए आटे से छोटे-छोटे गोल लड्डू बनाए जाते हैं. हर लड्डू को हल्का-सा पानी में डुबोकर इसके ऊपर सफ़ेद तिल की शानदार परत चढ़ाई जाती है. यह कोटिंग न सिर्फ़ स्वाद बढ़ाती है, बल्कि लड्डू को एक देसी और आकर्षक लुक भी देती है. इसके बाद कढ़ाई में गुड़ को पिघलाकर एक गाढ़ा घोल तैयार किया जाता है. अब इन तिल से लिपटे लड्डुओं को गुड़ के घोल में डालकर अच्छी तरह मिलाया जाता है ताकि हर लड्डू पर गुड़ की परत चढ़ जाए. और लो… तैयार हैं गर्म, मुलायम और सुगंधित गाजर-तिल के लड्डू.

यह लड्डू न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि विटामिन A से भरपूर होने के कारण हमारी हड्डियों के लिए भी फ़ायदेमंद होते हैं. इनका सेवन करने से पाचन में सुधार होता है, इसी के साथ यह प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) बढ़ाता है और सर्दियों में शरीर को गर्म रखता है. ये लड्डू प्राकृतिक मिठास के साथ ऊर्जा देने में सहायक होते हैं, जिससे यह सर्दियों के मौसम के लिए एक उत्तम और पौष्टिक मिठाई बन जाती है.

यह लड्डू स्वाद और सेहत दोनों में संतुलन बनाए रखते हैं, इसलिए इन्हें बच्चों से लेकर बुज़ुर्ग तक सभी आसानी से खा सकते हैं. गाजर-तिल का लड्डू सिर्फ एक मिठाई नहीं, बल्कि एक देसी सुपरफूड है, जिसमें गाजर की पौष्टिकता, तिल की गर्माहट और गुड़ की शुद्ध मिठास एक साथ मिलकर एक अनोखा स्वाद देते हैं. इस तरह, यह पारंपरिक व्यंजन पौष्टिक तत्वों और स्वाद का एक बेहतरीन पैकेज है.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/recipe-winter-energy-booster-gajar-til-ke-laddu-recipe-local18-9905228.html






