Last Updated:
हरियाणा की कड़कड़ाती सर्दियों में पिन्नी का अपना ही अलग स्वाद और महत्व है. घी में भुना आटा, मेवे और गोंद से तैयार ये लड्डू न सिर्फ लाजवाब स्वाद देते हैं, बल्कि शरीर को भीतर से गर्माहट और इम्यूनिटी भी प्रदान करते हैं. ठंड के मौसम में पिन्नी ऊर्जा, सेहत और स्वाद, तीनों का परफेक्ट मेल बनकर हर घर की रसोई में खास जगह बना लेती है. आइए जानते है इसकी आसान रेसिपी…

हरियाणा की ठंडी सर्दियों में लोग अक्सर सर्दी-जुकाम और शरीर में ठंडक जैसी समस्याओं से परेशान रहते हैं. ऐसे में पंजाबी पिन्नी के लड्डू बनाना और खाना हरियाणवी रसोई में भी आम हो गया है. ये लड्डू न सिर्फ स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि शरीर को गर्माहट देने और इम्यूनिटी बढ़ाने में भी मदद करते हैं. खास बात यह है कि इनका असली मजा सिर्फ सर्दियों में ही लिया जाता है.

पिन्नी बनाने के लिए गेहूं का आटा, बूरा, घी, बादाम, काजू, पिस्ता, सूखा नारियल, खरबूजे के बीज, गोंद और इलायची पाउडर चाहिए. सामग्री को मापकर रख लें. बादाम, काजू और पिस्ता को सजावट के लिए थोड़े अलग रख सकते हैं. सारा सामान साफ और तैयार रखें ताकि पिन्नी बनाने में आसानी हो और स्वाद भी बढ़िया रहे.

सबसे पहले कढ़ाई में ½ कप घी गरम करें और उसमें गोंद डालकर हल्की आंच पर भूनें. इसे लगातार चलाते रहें ताकि गोंद अच्छी तरह फूल जाए और हल्का ब्राउन रंग ले ले. तेज आंच पर न भूनें, वरना गोंद बाहर से भूरा दिखेगा लेकिन अंदर से कच्चा रह जाएगा. भूनने के बाद गोंद को प्लेट में निकाल लें.
Add Bharat.one as
Preferred Source on Google

अब बचे हुए घी में बादाम डालकर हल्की आंच पर गोल्डन ब्राउन होने तक भूनें. इसके बाद काजू डालें और उनका रंग थोड़ा बदलने तक सेक लें. खरबूजे के बीज को अलग पैन में हल्का सा भूनें और नारियल को भी हल्का रंग आने तक भून लें. सभी मेवे भूनने के बाद प्लेट में निकालकर अलग रख दें

घी वाली कढ़ाई में ½ कप घी और आटा डालें. मीडियम आंच पर लगातार चलाते हुए आटे को हल्का ब्राउन होने तक भूनें. जब अच्छी खुशबू आने लगे, तो भूनना रोक दें. अगर आटा सूखा लगे, तो थोड़ा और घी मिला सकते हैं. आटा ठंडा होने पर काजू, बादाम और गोंद को दरदरा पीस लें.

अब एक प्याले में भुना हुआ आटा, गोंद, मेवे, नारियल और खरबूजे के बीज डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद बूरा डालें और दोबारा अच्छी तरह मिक्स करें. अगर मिश्रण थोड़ा सूखा लगे, तो बचा हुआ घी डालकर मिलाएं. अंत में इलायची पाउडर मिलाएं और पूरी सामग्री को अच्छे से एकसार कर लें.

मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से लेकर हाथ में दबाकर गोल पिन्नी बनाएं. ऊपर से काजू, बादाम या पिस्ता लगाकर सजाएं. सारी पिन्नी इसी तरह तैयार करें. पिन्नी को पूरी तरह ठंडा होने पर एयरटाइट कंटेनर में भरकर रखें. जरूरत के अनुसार सर्दियों में खाएं और शरीर को गर्म व मजबूत बनाएं.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/recipe-pinni-recipe-winter-special-energy-boost-laddu-local18-9953389.html







