Last Updated:
How to make Pahadi Chaisun dal: दोपहर के भोजन में आप चावल के साथ उड़द की दाल खाते होंगे. अगर आप काली उड़द की दाल खाने की शौकीन है तो हम आपको उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजन के बारे में बताएंगे जो अगर आप घर में बनाएंगे तो घर वाले अपनी उंगलियां चाटते रह जाएंगे. हम बात कर रहें हैं चैंसू की.

उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में चैंसू या चौंसा के नाम से इसे जाना जाता है. काली उड़द की दाल से तैयार की जाने वाला यह व्यजंन न सिर्फ शरीर को ऊर्जा देता है, बल्कि इसका ऑथेंटिक टेस्ट वर्षों पुरानी परंपरा की याद भी दिलाता है. अगर आप सर्दियों में कुछ खास और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो एक बार पहाड़ों का चैंसू बनाकर जरूर खाएं.

उड़द की दाल का चैंसू बनाने के लिए सबसे पहले आपको साबुत उड़द दाल लेनी होगी जिससे यह तैयार किया जाता है. लगभग एक 250 ग्राम साबुत उड़द दाल लेकर इसे कढ़ाही में भून लें और इसके बाद इसे दरदरा पीसकर इसका उपयोग करें. दरअसल, यह इस रेसिपी का मुख्य आधार है, जो इसे ऑथेंटिक टच देता है. अब आप तड़के के लिए एक बारीक कटा प्याज और दो बारीक कटी हरी मिर्च ले लीजिए, यह दाल में तीखापन और एक अलग तरह की मिठास दोनों का संतुलन लाते हैं.

अब सबसे पहले आप साबुत उड़द की को मध्यम आंच पर 4-5 मिनट तक भून लें. ध्यान रहे कि यह ज्यादा जल न पाए क्योंकि जली दाल स्वाद बिगाड़ सकती है. इसके भुनने के बाद इसे पीस लें. अगर आप सिल बट्टे पर पीस सकते हैं तो इसका उपयोग करें अन्यथा मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें.

अब एक कढ़ाई में जरुरत के मुताबिक, सरसों का तेल डालकर गर्म कर लें. इसके बाद इसमें जीरा, हरी मिर्च, साबुत लाल मिर्च, हींग और अदरक-लहसुन पेस्ट डाल लें. इसे लगभग 2-3 मिनट तक भूनें ताकि मसालों की खुशबू निकलने लगे. ऐसा करने के बाद आप इसमें बारीक कटी हुई प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक इसे भून लें. इसके बाद दरदरी पिसी हुई उड़द दाल मिलाएं और लगभग 4-5 मिनट तक मध्यम आंच पर चलाते हुए भूनते रहे.

अब इसमें पानी डालने की जरूरत होगी ताकि चावल के लिए एक डिश तैयार हो सके. इस मिश्रण को थोड़ा पतला करने के लिए आवश्यकता के मुताबिक पानी डालने के बाद इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक मिला लीजिये.

जब इसमें उबाल आ जाए तो इसे ढककर 10 से 15 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दीजिये. ध्यान रहे कि बीच-बीच में चलाते रहें ताकि नीचे से चिपके नहीं. जब चैंसू गाढ़ा होकर पक जाए तब इसके ऊपर से हरा धनिया से इसे गार्निश करें और गरमा गर्म चावल पर सर्व करें. आप अगर रोटी से खा रहे हैं तो आप इसमें थोड़ा सा देसी घी डाल लीजिये.

सदियों से उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बनने वाली यह रेसिपी अब आपके किचन तक पहुँचेगी तो घर वाले खुश हो जाएंगे. चाहे कोई विशेष अवसर हो या वीकेंड पर कुछ देसी खाने का मन हो तो चैंसू एक लजीज ऑप्शन है. यह टेस्टी होने के साथ ही हेल्दी और सबको पसंद आने वाली डिश है.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/photogallery/uttarakhand/dehradun-how-to-make-pahadi-chaisun-dal-people-at-home-will-lick-their-finger-chaisu-kaise-banaye-local18-9815207.html

















