Khargone Street Food: सर्दियां आते ही आमतौर पर लोग ठंडी चीजों से दूरी बना लेते हैं. खासकर नारियल पानी को लेकर यह धारणा है कि ठंड में इसे पीना नुकसानदायक हो सकता है. लेकिन, खरगोन में एक जगह ऐसी भी है, जहां कड़ाके की ठंड में भी लोग लाइन लगाकर नारियल पानी पीते नजर आ जाते हैं. वजह शहर का एकलौता कोकोनट क्रश सेंटर, जहां नारियल के अंदर ही ड्रायफ्रूट के साथ खास स्ट्रॉबेरी और सीताफल फ्लेवर तैयार किया जाता है. इसे लोग बड़े चाव से पीते हैं. माना जाता है कि नारियल पानी में स्ट्रॉबेरी मिलने से ठंड के मौसम ने भी यह फायदा पहुंचता है.
साल में सिर्फ 3 महीने ये ड्रिंक
बता दें कि शहर के फेमस राधा वल्लभ मार्केट में मौजूद यह छोटा सा ठेला सर्दियों में लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है. शाम ढलते ही यहां खान पान के शौकीनों की भीड़ लगने लगती है. लोग सिर्फ नारियल पानी नहीं, बल्कि कुछ नया और अलग स्वाद लेने यहां पहुंचते हैं. खास बात ये कि ठंड में मिलने वाला यह स्ट्रॉबेरी क्रश साल में सिर्फ तीन महीने ही उपलब्ध रहता है, इसलिए इसकी डिमांड भी ज्यादा रहती है.
विंटर स्पेशल फ्लेवर की डिमांड
दुकान संचालक कपिल भामरे ने बताया, सर्दियों में स्ट्रॉबेरी और सीताफल से बना क्रश लोगों को सबसे ज्यादा भा रहा है, जिसे उन्होंने ‘दिलरुबा क्रश’ नाम दिया है. इस क्रश की खास बात ये कि इसे किसी ग्लास में नहीं, बल्कि सीधे नारियल के अंदर ही तैयार किया जाता है. नारियल पानी, मलाई, ताजी स्ट्रॉबेरी और हल्के ड्राईफ्रूट्स मिलाकर इसे इतना भरपूर बनाया जाता है कि एक नारियल दो लोग आराम से पी लेते हैं. स्वाद मीठा होता है, लेकिन ज्यादा भारी नहीं लगता.
मात्र 150 में फुल लोडेड
वहीं, कीमत की बात करें तो स्ट्रॉबेरी फ्लेवर 90, 120 और 150 रुपए में मिलता है. 150 रुपए वाला फुली लोडेड पैक सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है. 50 से 60 ग्राहक खासतौर पर यह फ्लेवर पीने आते हैं. बता दें कि यह खरगोन की एकमात्र ऐसी जगह है, जहां नारियल पानी को क्रश करके करीब 20 अलग-अलग फ्लेवर में परोसा जाता है. खास बात ये कि जहां बाजार में एक नारियल 50 से 60 रुपए में मिलता है, वहीं इसी कीमत से यहां कोकोनट क्रश की शुरुआत हो जाती है.
ठंड में नारियल पानी पीने के फायदे
सेहत के लिहाज से देखें तो हेल्थ एक्सपर्ट मानते हैं कि सीमित मात्रा में सर्दियों में भी नारियल पानी पिया जा सकता है. इससे शरीर में ऊर्जा बनी रहती है और पाचन से जुड़ी दिक्कतें कम होती हैं. वहीं, स्ट्रॉबेरी में मौजूद पोषक तत्व तनाव कम करने, ब्लड प्रेशर कंट्रोल रखने और त्वचा के लिए फायदेमंद माने जाते हैं. हालांकि, ठंडी तासीर वाले और डायबिटीज मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. सर्दियों में यहां खास ऑफर भी चल रहे हैं. कपिल ने बताया, सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार को 70 रुपए वाला रेगुलर क्रश सिर्फ 49 रुपए और 99 रुपए वाला स्पेशल फ्लेवर 70 रुपए में दे रहे हैं.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-neither-juice-nor-shake-winter-special-coconut-strawberries-custard-drink-available-for-3-months-local18-9962812.html







