Home Food पटना का राय जी घी भंडार ब्रेड मक्खन के स्वाद और शुद्धता...

पटना का राय जी घी भंडार ब्रेड मक्खन के स्वाद और शुद्धता के लिए मशहूर.

0
7


पटना: बिहार की राजधानी पटना शहर में एक ऐसा स्वाद है, जिसे चखने के लिए आम लोग ही नहीं, बल्कि अधिकारी, नेता, जज और शहर के दिग्गज भी बेकरार रहते हैं. इस डिश का नाम सुनते ही लोगों के मुंह में पानी आ जाता है. इसका नाम है ब्रेड-मक्खन. आइये जानते हैं ऐसा क्यों है…

पटना में ब्रेड-मक्खन की चर्चा हो और छज्जूबाग वाले राय जी का नाम न आए. ऐसा संभव ही नहीं है. पिछले 40 सालों से ‘राय जी घी भंडार’ की पहचान शुद्ध डेयरी प्रोडक्ट और ब्रेड मक्खन के लिए होती है. देखने में भले ही यह छोटी सी दुकान लगती है, लेकिन यहां का स्वाद पूरे पटना में चर्चित है. सोशल मीडिया पर भी यहां के ब्रेड मक्खन की खूब चर्चा होती है.

ब्रेड पर मक्खन और रबड़ी का स्वाद

छज्जूबाग की मशहूर राय जी घी भंडार पर मिलने वाला ब्रेड-मक्खन का स्वाद लोगों को जुबानी याद है. यहां दूध से निकाला गया ताज़ा, झक्क सफेद मक्खन जब बर्गर वाले ब्रेड पर लबालब फैलाया जाता है, तो देख कर ही मुंह में पानी आ जाता है. ऊपर से मोटी परत में गाढ़ी और सुगंधित रबड़ी भी डाली जाती है. तीनों के कॉम्बिनेशन से ऐसा स्वाद बनता है कि पहली बाइट में ही मिठास दिल तक उतर जाती है. ऑफिस जाने वाले लोग तो इसे लंच में चट कर जाते हैं, जबकि शाम ढलते ही वीआईपी लोगों का भी ऑर्डर आने लगता है.

40 सालों से बादशाहत कायम

राय जी घी भंडार चलाने वाले मिठू जी कहते हैं कि इस दुकान को उनके पिता जी ने लगभग 40 साल पहले शुरू किया था. शुरुआती दिनों में वो सिर्फ घर का बना हुआ घी बेचते थे. जब मांग बढ़ने लगी तो धीरे-धीरे आइटम बढ़ने लगा. अब तो चांदमारी रोड में खटाल भी है. वहीं, पर सारा डेयरी प्रोडेक्ट तैयार होता है. बाकी चीजों की तुलना में ब्रेड मक्खन का डिमांड बहुत ज्यादा है. इसका स्वाद चख रहे साकेत कुमार बताते हैं कि मैं रोज एक ब्रेड मक्खन खाता हूं. इसका स्वाद लाजवाब है. मुझे तो एक्स्ट्रा रबड़ी भी देते हैं.

इसी तरह प्रशांत बताते हैं कि पिछले 20 सालों से वह इस ब्रेड मक्खन का स्वाद ले रहे हैं. जब भी ऑफिस में लंच होता है तो हमलोग सभी साथी यहीं पहुंचकर खाते हैं. शाम को घरवालों के लिए भी ले जाते हैं. इसका बहुत बढ़िया स्वाद होता है.

इसके स्वाद का हर कोई है दीवाना

दुकानदार मिठू जी बताते हैं कि राय जी घी भंडार की सबसे बड़ी पहचान इसकी शुद्धता है. यहां जो भी मिलता है, सब कुछ बिल्कुल शुद्ध और ताज़ा होता है. छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों पर तो यहां का घी पूरे पटना में भेजा जाता है. भीड़ इतनी बढ़ जाती है कि लोगों को लंबी लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतज़ार करना पड़ता है.

मिठू जी बताते हैं कि दुकान के बगल में जज आवास, सरकारी और निजी दफ्तर होने की वजह से यहां के ब्रेड-मक्खन की डिमांड हमेशा बनी रहती है. सरकारी अधिकारी, आईएएस-आईपीएस, मंत्री-विधायक सबके घर तक यहां का ब्रेड-मक्खन पहुंचता है. इतना ही नहीं, जब वीआईपी लोगों के यहां पार्टी होती है तो पनीर भी यहीं से ही जाता है. सबको भरोसा है कि यहां से लिया गया सामान पूरी तरह शुद्ध होगा.

जानें कितना है अलग-अलग चीजों का दाम

राय जी घी भंडार पर घी ₹700 प्रति लीटर, पनीर ₹380 प्रति किलो, पेड़ा और खोवा ₹400 प्रति किलो, जबकि दही ₹150 प्रति किलो के भाव से मिलता है. खोवालाई भी ₹400 प्रति किलो ही है. ताज़ा क्रीम ₹350, कलाकंद ₹400 प्रति किलो, और मक्खन ₹450 प्रति किलो में उपलब्ध है. इसके अलावा खुरमा ₹400 प्रति किलो, गुलाबजामुन और रसगुल्ला ₹15 प्रति पीस के हिसाब से मिलते हैं. ब्रेड मक्खन की कीमत 35 रुपये प्रति पीस है. यहां के सभी उत्पाद अपनी शुद्धता और स्वाद के लिए पूरे पटना में मशहूर हैं.


.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.

https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-patna-famous-bread-butter-at-ray-ji-ghee-bhandar-chajjubagh-food-recipe-local18-ws-l-9889594.html

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here