Home Food मकर संक्रांति पर बढ़ी गया जैसे खस्ता तिलकुट की मांग, अलग-अलग वेरिएंट...

मकर संक्रांति पर बढ़ी गया जैसे खस्ता तिलकुट की मांग, अलग-अलग वेरिएंट और कीमत उपलब्ध

0
9



Last Updated:

Crispy Tilkut in Gumla: गया के कारीगरों द्वारा गुमला में तैयार खस्ता और टेस्टी तिलकुट ने त्योहार की मिठास को और बढ़ा दिया है. शुद्धता, स्वाद और गुणवत्ता के साथ यह तिलकुट न केवल गुमला के लोगों की पहली पसंद बन चुका है, बल्कि…और पढ़ें

नया साल आते ही त्योहारों का सिलसिला शुरू हो चुका है, और मकर संक्रांति का उल्लास हर जगह नजर आ रहा है. गुमला के बाजारों में तिल से बनी वस्तुओं की सौंधी खुशबू फैली हुई है. खासतौर पर तिलकुट, लड्डू, चिक्की और पट्टी जैसे उत्पादों की मांग चरम पर है. इस बार गुमला में लोगों को गया जैसा खस्ता और टेस्टी तिलकुट भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसे गया के कुशल कारीगरों द्वारा तैयार किया जा रहा है.

गया के कारीगरों का जादू गुमला में
गुमला के मेन रोड स्थित प्रिंस जी तिलकुट एंड नमकीन भंडार ने मकर संक्रांति के अवसर पर खास पहल की है. स्टॉल के संचालक प्रवीण गुप्ता ने बताया कि उन्होंने गया से अनुभवी कारीगरों को बुलाया है, जो शुद्धता और स्वाद का पूरा ध्यान रखते हुए खस्ता तिलकुट तैयार कर रहे हैं. गया का तिलकुट पूरे देश में अपनी गुणवत्ता और स्वाद के लिए प्रसिद्ध है, और अब वही स्वाद गुमला के लोगों के लिए भी उपलब्ध है.

कैसे शुरू हुआ तिलकुट का सफर?
प्रवीण गुप्ता बताते हैं कि पहले मैं गया से तिलकुट मंगवाकर यहां बेचता था, लेकिन लोगों की प्रतिक्रिया उम्मीद के अनुसार नहीं थी. इसके बाद मैंने गया से कारीगर बुलाकर तिलकुट बनवाने का फैसला किया. अब यह स्थिति है कि हमारी दुकान पर रोजाना सुबह 4 बजे से लेकर रात 9:30 बजे तक काम चलता है, फिर भी माल पूरा नहीं कर पाते.

गया से आए कारीगर भोला मिस्त्री, जो तिलकुट बनाने में 25 साल का अनुभव रखते हैं, ने बताया कि गुमला में तैयार तिलकुट की डिमांड इतनी बढ़ गई है कि हर दिन का स्टॉक खत्म हो जाता है.

शुद्धता और गुणवत्ता पर खास ध्यान
प्रिंस जी तिलकुट भंडार के उत्पादों में खासतौर पर कानपुर से लाए गए तिल और शुद्ध गुड़ का उपयोग किया जाता है. साफ-सफाई और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाता है. यहां गुड़ और तिल से बना महा स्पेशल तिलकुट सबसे ज्यादा लोकप्रिय है. यह इतना खस्ता होता है कि इसे बिना दांत वाले लोग भी आसानी से खा सकते हैं.

तिलकुट के अलग-अलग वेरिएंट और कीमत
यहां तिलकुट 260 रुपये से लेकर 600 रुपये प्रति किलो तक उपलब्ध है. सबसे ज्यादा डिमांड 380 और 400 रुपये प्रति किलो वाले महा स्पेशल तिलकुट की है. इसके अलावा खोवा से बनी तिलकुट, जिसकी कीमत 600 रुपये प्रति किलो है, भी लोगों को खूब पसंद आ रही है.

दुकान पर रेवड़ी, गजक, बादाम चिक्की, तिल लड्डू, तिल पट्टी, तिल कतरी और काले तिल के लड्डू जैसे अन्य उत्पाद भी उपलब्ध हैं. प्रवीण गुप्ता का दावा है कि उनके यहां का तिलकुट न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि पूरी तरह शुद्ध भी है.

मकर संक्रांति पर गुमला के लोगों के लिए विशेष तोहफा
मकर संक्रांति के मौके पर तिलकुट भगवान को भोग लगाने और खाने की परंपरा है. गुमला में इस बार गया जैसा स्वादिष्ट तिलकुट उपलब्ध होने से लोगों में उत्साह है. प्रवीण गुप्ता की दुकान ने न केवल त्योहार का मजा बढ़ाया है, बल्कि स्थानीय बाजार को भी आकर्षित किया है.


.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.

https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-gaya-style-crispy-tilkut-now-in-gumla-demand-soars-during-makar-sankranti-local18-8954879.html

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here