Last Updated:
धुस्का झारखंड और बिहार का पारंपरिक स्नैक है, जो चावल और चना दाल से बनता है. इसे आलू की सब्जी या चटनी के साथ परोसा जाता है. त्योहारों और खास मौकों पर इसका विशेष महत्व है.
झारखंड का फेमस फूड.
हाइलाइट्स
- धुस्का झारखंड और बिहार का पारंपरिक स्नैक है.
- इसे चावल और चना दाल से बनाया जाता है.
- आलू की सब्जी या चटनी के साथ परोसा जाता है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज BIT मेसरा के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल हुईं हैं. बीते रात वह रांची के राजभवन में ठहरीं, जहां उन्हें डिनर में लाल साग के साथ धुस्का परोसा गया. अगर आप झारखंड और बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के शौकीन हैं, तो आपने धुस्का का नाम जरूर सुना होगा. धुस्का बेहद स्वादिष्ट और कुरकुरा स्नैक है, जिसे चावल और चना दाल के घोल से बनाया जाता है. धुस्का को झारखंड और बिहार में खासतौर पर नाश्ते के रूप में खाया जाता है और यह बहुत ही कम तेल में बनने वाला व्यंजन है. इसे आलू की सब्जी या चटनी के साथ परोसा जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. अगर आप भी झारखंड के इस खास पकवान को घर पर बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके लिए है.
धुस्का बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
चावल – 1 कप
चना दाल – ½ कप
हरी मिर्च – 2-3 (बारीक कटी हुई)
अदरक – 1 इंच टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
हींग – 1 चुटकी
हल्दी पाउडर – ½ टीस्पून
नमक – स्वादानुसार
धनिया पत्ती – 2 टेबलस्पून (बारीक कटी हुई)
सौंफ – 1 टीस्पून
बेकिंग सोडा – 1 चुटकी (अगर आप ज्यादा फूला हुआ धुस्का चाहते हैं)
तेल – तलने के लिए
धुस्का बनाने की आसान विधि
सबसे पहले चावल और चना दाल को 5-6 घंटे तक पानी में भिगोकर रखें. इसके बाद अतिरिक्त पानी निकालकर इन्हें मिक्सर में थोड़ा सा पानी डालकर पीस लें. ध्यान रखें कि बैटर ज्यादा पतला न हो, यह इडली बैटर जैसा गाढ़ा होना चाहिए. अब पिसे हुए बैटर में नमक, हल्दी, अदरक, हरी मिर्च, हींग और सौंफ डालकर अच्छे से मिक्स करें. इसके बाद इसमें बारीक कटी हुई धनिया पत्ती डालें और अच्छी तरह मिलाएं. बैटर को 15-20 मिनट तक ढककर रख दें ताकि यह अच्छे से सेट हो जाए. एक कढ़ाई में तेल गर्म करें. तेल मध्यम गरम होना चाहिए, ज्यादा ठंडा या ज्यादा गरम न करें. अब बैटर को हाथ या चम्मच से लेकर छोटे-छोटे गोल आकार में तेल में डालें. धुस्का को धीमी से मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. एक बार जब यह गोल्डन ब्राउन हो जाए, तो इसे टिशू पेपर पर निकाल लें, ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए.
धुस्का को परोसने के तरीके
झारखंड में धुस्का को आलू टमाटर की मसालेदार सब्जी के साथ खाया जाता है. आप इसे हरी धनिया-पुदीना की चटनी या टमाटर की मीठी चटनी के साथ भी परोस सकते हैं. यह नाश्ते के साथ-साथ शाम के स्नैक के रूप में भी बहुत टेस्टी लगता है.
झारखंड और बिहार में धुस्का का महत्व
धुस्का झारखंड और बिहार के पारंपरिक व्यंजनों में से एक है, जिसे आमतौर पर त्योहारों, खास मौकों या नाश्ते में बनाया जाता है. यह न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा है, क्योंकि इसे बहुत ज्यादा मसालेदार नहीं बनाया जाता और यह आसानी से पचने वाला व्यंजन है. गांवों में इसे लकड़ी के चूल्हे पर तला जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी शानदार हो जाता है.
February 15, 2025, 12:54 IST
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-jharkhand-bihar-traditional-snack-dhuska-easy-recipe-draupadi-murmu-taste-in-ranchi-rashtrapati-bhawan-9034438.html

















