सर्दियाँ अब धीरे-धीरे विदा ले रही हैं और इसी के साथ खत्म होने लगता है अचार बनाने का सबसे अच्छा मौसम. अगर आपने अब तक मूली का अचार नहीं डाला है, तो सच में देर मत कीजिए, क्योंकि यही वो सही समय होता है जब ताज़ी, सख्त और रस से भरी मूली बाज़ार में आसानी से मिलती है और उसी से बनता है सबसे स्वादिष्ट पहाड़ी मूली का अचार.
मूली का अचार सर्दियों की खास पहचान माना जाता है. इसका खट्टा-चटपटा और थोड़ा तीखा स्वाद किसी भी साधारण खाने को खास बना देता है. दाल-चावल हो, सादा भात, पराठे या रोटी, मूली का अचार हर चीज़ के साथ खूब जमता है. पहाड़ों में तो इसे पूरे साल याद करके खाया जाता है, क्योंकि यह सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि सर्दियों की खुशबू और धूप की गर्माहट भी अपने साथ समेटे होता है.
मूली का अचार बनाने की विधि
अब चलिए, इसकी आसान और पहाड़ी रेसिपी जानते हैं. सबसे पहले अच्छी क्वालिटी की 1 kg मूली चुनना बहुत ज़रूरी है. मूली ताज़ी, सफेद, सख्त और बिना दाग-धब्बे की होनी चाहिए. नरम या पानी छोड़ने वाली मूली अचार के लिए सही नहीं होती. मूली को अच्छी तरह धोकर छील लें और फिर पतले-पतले टुकड़ों में काट लें. अब इन्हें किसी साफ सूती कपड़े पर फैलाकर दो दिन धूप में सुखा लें, ताकि अंदर का पूरा पानी निकल जाए. यही स्टेप अचार को लंबे समय तक टिकाऊ बनाता है.
अब मसालों की बारी आती है. सरसों दाने ताज़े और खुशबूदार हों, बासी सरसों से स्वाद खराब हो सकता है. तवे पर 100 ग्राम सरसों के बीज डालकर चटकने दें और फिर मिक्सर में दरदरा पीस लें. सरसों का तेल भी शुद्ध और अच्छी क्वालिटी का होना चाहिए, क्योंकि वही अचार को उसकी असली खुशबू और स्वाद देता है. ध्यान रहे सरसो के तेल तो पहले अच्छे से कढ़ाई में गरम करना है, ताकि उसका कड़वापन निकल जाए.
अब एक बड़े बर्तन में सूखी मूली डालें. उसमें पिसी हुई सरसों, अच्छा अचार मसाला, ज़रूरत के हिसाब से नमक और हल्का गरम किया हुआ सरसों का तेल डालकर सब कुछ अच्छे से मिला लें. चाहें तो थोड़ा सा सिरका डाल सकते हैं, इससे अचार जल्दी तैयार होता है और लंबे समय तक सुरक्षित भी रहता है.
सूखे कांच के जार में भरके 2 से 3 दिन धूप में रखें
अब इस अचार को किसी साफ और पूरी तरह सूखे कांच के जार में भर दें. जार को 2–3 दिन धूप में रखें और रोज़ हल्का हिला दें. बस, तैयार है आपका पहाड़ी, चटपटा और खुशबूदार मूली का अचार—जो सर्दियों की यादों को पूरे साल ज़िंदा रखेगा.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-how-to-make-radish-pickle-at-home-during-the-winter-mooli-ka-achar-recipe-in-hindi-local18-10111515.html

















