Last Updated:
हैदराबाद की पहचान सिर्फ चारमीनार और बिरयानी तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां का मोअज्जम जाही मार्केट भी शहर की शान है. करीब 90 साल पुराना यह ऐतिहासिक बाजार अपनी भव्य वास्तुकला और हाथ से बनी पारंपरिक आइसक्रीम के लिए दुनियाभर में मशहूर है, जहां हर शाम स्वाद और इतिहास का अनोखा संगम देखने को मिलता है.
हैदराबाद : हैदराबाद सिर्फ अपनी ऐतिहासिक इमारतों और बिरयानी के लिए ही नहीं बल्कि अपने अनूठे स्वाद के लिए भी दुनिया भर में मशहूर है. इसी स्वाद और इतिहास का एक शानदार संगम है मोअज्जम जाही मार्केट. लगभग 90 साल पुराना यह बाजार आज भी अपनी रौनक और खास तौर पर अपनी हैंडमेड आइसक्रीम के लिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों की पहली पसंद बना हुआ है.
इस ऐतिहासिक मार्केट का निर्माण 1933 से 1935 के बीच हैदराबाद के सातवें निजाम, मीर उस्मान अली खान के शासनकाल में हुआ था. इसका नाम उनके बेटे राजकुमार मोअज्जम जाह के नाम पर रखा गया. ग्रेनाइट पत्थरों से बनी यह खूबसूरत इमारत उस्मानियाई वास्तुकला का एक उत्कृष्ट उदाहरण है जिसमें कुतुब शाही, मुगल और आसफ जाही शैलियों का मिश्रण देखने को मिलता है. इसके ऊंचे मेहराब और भव्य केंद्रीय गुंबद आज भी शहर की शान बढ़ाते हैं.
आइसक्रीम का असली अड्डा बिलाल और गफूर
मोअज्जम जाही मार्केट की असली पहचान यहां मिलने वाली पारंपरिक आइसक्रीम है. यहां बिलाल और गफूर जैसी पुरानी और प्रसिद्ध दुकानें हैं जो दशकों से अपने हाथ से बनी ताजी फलों वाली आइसक्रीम परोस रही हैं. यहां की आइसक्रीम में किसी भी तरह के आर्टिफिशल फ्लेवर का इस्तेमाल नहीं होता. सीताफल, आम, चीकू और अंजीर जैसे मौसमी फलों से तैयार यह आइसक्रीम इतनी मशहूर है कि शाम होते ही यहां लोगों की लंबी कतारें लग जाती हैं. इसका स्वाद चखने के लिए केवल हैदराबाद ही नहीं बल्कि दूसरे शहरों से भी लोग विशेष रूप से यहां खिंचे चले आते हैं.
कैसे पहुंचें और क्या है समय?
यह मार्केट जाम बाग बेगम बाजार और स्टेशन रोड के चौराहे पर स्थित है. यहां पहुंचना बेहद आसान है बेगम बाज़ार मेट्रो स्टेशन यहां का सबसे पास का स्टेशन है. आप बस या ऑटो के जरिए भी आसानी से यहां पहुंच सकते हैं. यह बाजार सुबह 8:00 बजे खुलता है और रात 10:30 बजे तक यहां की रौनक बनी रहती है. यदि आप हैदराबाद में हैं, तो इस ऐतिहासिक गलियारे में घूमना और हाथ से बनी ठंडी-ठंडी आइसक्रीम का आनंद लेना एक यादगार अनुभव हो सकता है.
About the Author

A Delhi University graduate with a postgraduate Diploma in Journalism and Mass Communication, I work as a Content Editor with the Rajasthan team at Bharat.one India Digital. I’m driven by the idea of turning raw in…और पढ़ें
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-hyderabads-heritage-the-90-year-old-moazzam-jahi-market-and-its-amazing-ice-cream-local18-ws-kl-9974338.html

















