फरीदाबाद. सर्दियों के मौसम में गरमा-गरम पराठे खाने का मजा ही कुछ और है. मूली का पराठा उन खास व्यंजनों में से एक है, जो हर घर में बनाए जाते हैं. आज हम आपको पंजाबी स्टाइल मूली के पराठे की रेसिपी बताने जा रहे हैं, जो स्वाद और सेहत दोनों में भरपूर है. इसका चटपटा स्वाद आपके घर के बच्चों और बड़ों को बेहद पसंद आएगा.
आवश्यक सामग्री
गेहूं का आटा 2 कप,कद्दूकस की हुई मूली 3/4 कप,बारीक चॉप्ड मूली के पत्ते 1/4 कप,दही (लो फैट) 3/4 कप,हल्दी पाउडर 1/2 चम्मच,लाल मिर्च पाउडर स्वादानुसार नमक स्वादानुसार,तेल 1 चम्मच,बारीक कटी धनिया पत्ती
रिफाइंड ऑयल या घी पराठा सेंकने के लिए
सबसे पहले गेहूं के आटे में दो चुटकी नमक और थोड़ा सा तेल डालें. फिर इसमें दही मिलाकर मुलायम डो तैयार करें. जरूरत पड़े तो थोड़ा गुनगुना पानी डालें.आटे को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. स्वाद को बढ़ाने के लिए आप इसमें थोड़ी अजवाइन भी मिला सकती हैं.
स्टफिंग बनाने की प्रक्रिया
मूली के पराठे की जान उसकी स्टफिंग है. कद्दूकस की हुई मूली और मूली के पत्तों को मिलाकर उसमें थोड़ा सा नमक डालें. इसे 5 मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि मूली का पानी निकल जाए. पानी निचोड़कर इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर पाउडर और कटी हुई धनिया पत्ती मिलाएं. इस तरह आपकी टेस्टी स्टफिंग तैयार हो जाएगी.
पराठा बनाने की विधि
छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और हल्का बेलें. अब इसके बीच में स्टफिंग भरें और किनारों को अच्छी तरह बंद करें. इसे हल्के हाथों से बेलकर पराठा तैयार करें.गर्म तवे पर मीडियम फ्लेम पर घी या तेल डालकर पराठा सेकें. दोनों तरफ से हल्का ब्राउन होने तक सेंके.
खास टिप्स
स्टफिंग का पानी अच्छी तरह निचोड़ना जरूरी है, ताकि पराठा बेलने में आसानी हो.पराठे को घी में सेंकने से इसका स्वाद और बढ़ जाता है. गर्मागर्म पंजाबी स्टाइल मूली का पराठा दही, अचार या मक्खन के साथ परोसें.इसका स्वाद आपके सर्दियों के खाने को खास बना देगा.
Edited By- Anand Pandey
FIRST PUBLISHED : November 20, 2024, 20:50 IST
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-make-punjabi-style-radish-parathas-at-home-in-winter-local18-8845089.html







