Instant Jalebi Making: जलेबी… नाम लेते ही दिमाग में वही सुनहरी, जालीदार मिठाई घूम जाती है, जो हल्की सी कुरकुरी और अंदर से चाशनी से भरी होती है. अक्सर ऐसा लगता है कि जलेबी बनाना सिर्फ हलवाइयों का काम है लंबी फर्मेंटेशन, परफेक्ट घोल और घंटों की मेहनत. लेकिन सच ये है कि अब जलेबी बनाना न तो मुश्किल है और न ही समय लेने वाला. बदलती लाइफस्टाइल के साथ रेसिपी भी स्मार्ट हो गई हैं. अगर अचानक मीठा खाने का मन करे, मेहमान आ जाएं या बच्चों की जिद शुरू हो जाए, तो अब बाजार भागने की जरूरत नहीं. सिर्फ 10 मिनट में, कुछ आम किचन सामग्री से आप घर पर ही ऐसी जलेबी बना सकते हैं, जिसका स्वाद देखकर लोग पूछ बैठेंगे “कहां से लाए?”
घर पर जलेबी बनाने का ट्रेंड क्यों बढ़ रहा है?
आजकल लोग बाहर के खाने को लेकर पहले जितने बेफिक्र नहीं हैं. मिलावट, बासी तेल और साफ-सफाई की चिंता हर किसी को रहती है. ऐसे में होममेड स्वीट्स का चलन तेजी से बढ़ा है. खास बात ये है कि इंस्टेंट जलेबी रेसिपी में न तो खमीर उठाने का झंझट है और न ही घंटों इंतजार.
जलेबी के लिए जरूरी सामग्री
यह सामग्री लगभग हर भारतीय रसोई में मिल जाती है:
-मैदा
-दही
-ईनो या बेकिंग पाउडर
-घी या रिफाइंड तेल
-चीनी
-पानी
-केसर या फूड कलर
-इलायची पाउडर
जलेबी बनाने की आसान विधि
सबसे पहले चाशनी तैयार करें
जलेबी की जान उसकी चाशनी होती है. एक कढ़ाही में 1.5 कप चीनी और 1 कप पानी डालें. गैस पर रखें और धीमी आंच पर उबालें. इसमें इलायची पाउडर और केसर डाल दें. जब चाशनी उंगली से चिपचिपी महसूस हो, तब गैस बंद कर दें. ध्यान रखें, चाशनी ज्यादा गाढ़ी नहीं होनी चाहिए और हल्की गुनगुनी रहे.

अब घोल तैयार करें
एक बाउल में मैदा और दही डालकर अच्छे से मिलाएं. थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा लेकिन बहने वाला स्मूद घोल बनाएं. घोल में गांठ नहीं होनी चाहिए, वरना जलेबी का शेप बिगड़ सकता है.
सही समय पर ईनो डालें
जलेबी तलने से ठीक पहले घोल में ईनो या बेकिंग पाउडर डालें और हल्के हाथ से मिलाएं. यही स्टेप जलेबी को फुला हुआ और कुरकुरा बनाता है.

तलने का सही तरीका
शेप और तापमान है सबसे अहम
-घोल को पाइपिंग बैग, पन्नी या सॉस की बोतल में भर लें. कढ़ाही में घी या तेल मध्यम आंच पर गरम करें. तेल ज्यादा गरम होगा तो जलेबी जलेंगी और ठंडा होगा तो तेल सोख लेंगी.
-तेल में गोल-गोल घुमाते हुए जलेबी बनाएं. उन्हें पलट-पलट कर सुनहरा होने तक तलें.
चाशनी में डुबोने का सही समय
तली हुई गरम जलेबियों को तुरंत गुनगुनी चाशनी में डाल दें. 30–40 सेकंड से ज्यादा न रखें, वरना जलेबी ज्यादा नरम हो जाएंगी.

परफेक्ट जलेबी के छोटे लेकिन काम के टिप्स
-ज्यादा कुरकुरेपन के लिए घोल में 1 चम्मच चावल का आटा मिलाएं
-चाशनी साफ करने के लिए उबालते समय 1 चम्मच दूध डाल सकते हैं
-जलेबी हमेशा मध्यम आंच पर ही तलें
घर की जलेबी, घर की खुशी
गरमागरम जलेबी जब घर में बनती है, तो उसकी खुशबू ही माहौल बदल देती है. सुबह की चाय हो या शाम की भूख, ये इंस्टेंट जलेबी हर मौके पर फिट बैठती है और वो भी बिना किसी झंझट के.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-instant-jalebi-making-in-10-minutes-at-home-like-retaurent-try-this-recipe-ws-e-10114085.html

















