कद्दू एक ऐसी सब्जी है, जिसके नाम से बच्चे सबसे ज्यादा दुखी होते हैं. जिस दिन घर में कद्दू की सब्जी बनी हो उस दिन ड्रामा होना पक्की बात है. बच्चे या तो अपनी जिद्द से कुछ और बनवा कर मानते हैं, या फिर मां की डांट से रोते हुए खाना खाते हैं. अगर आपके घर में भी बच्चों के कारण कद्दू की सब्जी बनाना मुश्किल हो गया है तो ये रेसिपी ट्राई करिए.
कद्दू टमाटर सब्जी की इस रेसिपी में कद्दू की कोमलता और टमाटर के खट्टे-मीठे स्वाद के साथ मसालों का संतुलन एक जादू क्रिएट करता है. इसे आप रोटी, पराठा या सादे चावल के साथ मजे से खा सकते हैं. तो चलिए आज सीखते हैं आप बोरिंग कद्दू की मजेदार सब्जी कैसे बना सकते हैं.
सही कद्दू और टमाटर चुनें
एक अच्छी सब्जी बनाने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है ताजी सब्जियां. ऐसे में कद्दू हमेशा सख्त, चमकीले नारंगी रंग का और बिना दाग-धब्बों वाला चुनें. टमाटर पके, रसीले और लाल हों, ताकि सब्जी में सही खट्टापन आए. कद्दू को छीलकर बराबर आकार में काटें. इसके साथ ही कद्दू टमाटर की सब्जी में बहुत ज्यादा मसालों की जरूरत नहीं होती. जीरा, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और नमक ही काफी होते हैं.
कद्दू की सब्जी बनाने की विधि
– सबसे पहले कढ़ाही में तेल गरम करें, उसमें जीरा चटकाएं. चाहें तो बारीक कटा प्याज डालें, फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें.
– अब कटे हुए कद्दू डालकर हल्का सा भूनें, ताकि मसाले अच्छे से लग जाएं.
– फिर कटे टमाटर डालें और तब तक पकाएं जब तक वे गलकर गाढ़ी ग्रेवी न बना लें.
– ढककर धीमी आंच पर पकाएं, जब तक कद्दू नरम हो जाए, लेकिन बिल्कुल गल न जाए. ज्यादा पकाने से सब्जी का रंग और टेक्सचर खराब हो सकता है.
– अंत में ऊपर से हरा धनिया डालें, इससे सब्ज़ी में ताजगी आती है. चाहें तो चुटकी भर गरम मसाला या थोड़ा सा नींबू रस डाल सकते हैं. ये छोटे-छोटे फिनिशिंग टच स्वाद को और निखार देते हैं.
– गरम-गरम कद्दू टमाटर की सब्जी रोटी, पराठा या सादे चावल के साथ परोसें.
स्टोर और दोबारा गरम करने के टिप्स
बची हुई सब्जी को एयरटाइट डिब्बे में फ्रिज में दो दिन तक रखा जा सकता है. दोबारा गरम करते समय धीमी आंच रखें, ताकि कद्दू मुलायम रहे. तेज़ माइक्रोवेव से बचें, क्योंकि इससे सब्ज़ी गल सकती है. सही तरीके से रखने पर आप इस पौष्टिक सब्ज़ी का स्वाद बाद में भी ले सकते हैं.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-make-pumpkin-tomato-vegetable-in-this-way-kaddu-tamatar-ki-recipe-ws-l-10117290.html

















