मुजफ्फरपुरः सर्दी के मौसम में अगर कुछ सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है तो वह है गरमागरम, मसालेदार और खुशबूदार देशी मटन. ठंड के दिनों में मटन शरीर को गर्मी देता है और इसकी तासीर भी सर्दियों के लिए अनुकूल मानी जाती है. खास बात यह है कि अगर मटन को घर पर देसी तरीके से, सही मसालों और धैर्य के साथ पकाया जाए, तो इसका स्वाद होटल के महंगे खाने को भी पीछे छोड़ देता है.
सबसे पहले नींबू के रस से करें साफ
देशी मटन बनाने की शुरुआत सबसे पहले उसकी अच्छी सफाई से होती है. मटन को नींबू के रस के साथ अच्छे से धोया जाता है, जिससे उसमें लगा खून और गंदगी पूरी तरह साफ हो जाए. यह तरीका न सिर्फ मटन को साफ करता है, बल्कि उसकी हल्की बदबू भी दूर करता है.
इसके बाद मटन को एक बर्तन में रखकर उसमें कटा हुआ प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह मिला लिया जाता है. यह मसाला मटन के रेशों में अच्छे से समा जाता है, जिससे पकने के बाद स्वाद और भी गहरा हो जाता है.
धीमी आंच पर ही पकाएं
अब कढ़ाई में सरसों का तेल डालकर उसे अच्छी तरह गर्म किया जाता है. जब तेल से हल्का धुआं निकलने लगे, तब उसमें साबुत मसाले जैसे जीरा, तेजपत्ता, सूखी लाल मिर्च और खड़े गरम मसाले डाले जाते हैं. मसालों को सुनहरा होने तक भूनने के बाद उसमें तैयार किया हुआ मसालेदार मटन डाल दिया जाता है. इसके बाद मटन को धीमी आंच पर ढककर पकने दिया जाता है.
बीच-बीच में मटन को चलाते रहना जरूरी होता है, ताकि मसाले नीचे न लगें और मटन समान रूप से पकता रहे. कुछ समय बाद जब मटन अपना पानी छोड़कर मसालों में अच्छे से गलने लगे, तब उसमें स्वाद बढ़ाने के लिए खड़ा लहसुन डाला जाता है. ठंड के मौसम में लहसुन न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. धीमी आंच पर पकने की वजह से मटन धीरे-धीरे मुलायम होता जाता है और मसालों की खुशबू पूरे घर में फैलने लगती है.
घी डालने ना भूलें
जब मटन अच्छी तरह पक जाए और तेल मसालों से अलग दिखने लगे, तब उसमें कस्तूरी मेथी, मीट मसाला और थोड़ा सा घी डाला जाता है. इससे मटन का रंग, खुशबू और स्वाद तीनों ही बेहतरीन हो जाते हैं. अंत में ऊपर से ताजा धनिया पत्ता डालकर गैस बंद कर दी जाती है.
ध्यान रखने वाली सबसे अहम बात यह है कि मटन जितनी देर तक धीमी आंच पर पकता है, उतना ही ज्यादा स्वादिष्ट बनता है. बस जरूरत होती है सही आंच, समय और धैर्य की. अगर आप घर पर इस देसी अंदाज में मटन बनाएंगे, तो यकीनन होटल का खाना भूल जाएंगे.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-desi-mutton-recipe-reveals-taste-secret-in-winter-local18-ws-kl-9999802.html
















