Non Alcoholic Red Wine: क्रिसमस का नाम आते ही मन में केक, लाइट्स, सजावट और खास ड्रिंक्स की तस्वीर बन जाती है. इस दिन परिवार और दोस्तों के साथ बैठकर कुछ अलग और खास पीने का मजा ही कुछ और होता है. अकसर लोग रेड वाइन को क्रिसमस से जोड़कर देखते हैं, लेकिन इसमें मौजूद अल्कोहल की वजह से कई लोग इसे पीना पसंद नहीं करते. ऐसे में मेहमानों के सामने विकल्प भी सीमित रह जाते हैं, अगर आप भी चाहते हैं कि क्रिसमस की शाम रंगीन हो, लेकिन बिना अल्कोहल के, तो घर पर बनाई गई रेड वाइन स्टाइल ड्रिंक एक बढ़िया आइडिया हो सकती है. काले अंगूरों से बनने वाली यह ड्रिंक दिखने में बिल्कुल रेड वाइन जैसी होती है, स्वाद में हल्की मीठी और खुशबू में भी खास. अच्छी बात यह है कि इसे आप अपने घर की साफ-सुथरी रसोई में आसानी से बना सकते हैं. बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक, हर कोई इसे बिना किसी चिंता के एंजॉय कर सकता है. चलिए जानते हैं बिना अल्कोहल वाली रेड वाइन जैसी ड्रिंक बनाने की आसान रेसिपी, जो आपकी क्रिसमस पार्टी की शान बढ़ा देगी.
सामग्री
-काले अंगूर:1 किलो
-चीनी:400–500 ग्राम (स्वाद के हिसाब से)
-यीस्ट:5 ग्राम (ऑप्शनल, खुशबू के लिए)
-पानी:1.5 से 2 लीटर
-साबुत मसाले:दालचीनी, लौंग, इलायची (थोड़ी मात्रा)
बनाने की विधि
1. अंगूर तैयार करें
सबसे पहले अंगूरों को डंठल से अलग कर लें. साफ पानी से अच्छे से धो लें. अब एक बड़े बर्तन में अंगूरों को हाथ या मसलर से हल्का कुचल लें, ताकि रस बाहर आ जाए. छिलके और बीज अलग न करें, इन्हीं से रंग और फ्लेवर आता है.
2. रस पकाएं
कुचले हुए अंगूरों को गैस पर रखें और हल्की आंच पर 10–15 मिनट तक उबालें. इससे अंगूर का रस अच्छे से निकल आएगा और किसी भी तरह की प्राकृतिक फर्मेंटेशन रुक जाएगी. अब गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें.
3. मिठास और खुशबू जोड़ें
ठंडा होने पर इसमें चीनी मिलाएं और अच्छे से घोलें, अगर आप हल्की वाइन जैसी खुशबू चाहते हैं तो बहुत कम मात्रा में यीस्ट मिला सकते हैं, लेकिन मिश्रण को ज्यादा दिन न रखें. साबुत मसालों को कपड़े की पोटली में बांधकर डालें, ताकि खुशबू आए लेकिन कड़वापन न हो.

4. छानकर रखें
अब इस पूरे मिश्रण को साफ कपड़े या छलनी से छान लें. रस को कांच के जार या बोतल में भरें. ढक्कन हल्का सा बंद करें और इसे फ्रिज में रख दें. 24 से 48 घंटे में फ्लेवर अच्छे से सेट हो जाएगा.
5. परोसने का तरीका
परोसते समय इसे ठंडा ही सर्व करें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा सोडा वाटर मिला सकते हैं या संतरे के छिलके से गार्निश कर सकते हैं. यह ड्रिंक देखने में रेड वाइन जैसी लगेगी और स्वाद में भी खास होगी.

ध्यान रखने वाली बातें
-इस ड्रिंक को ज्यादा दिन बाहर न रखें, फ्रिज में ही स्टोर करें.
-अगर बच्चों के लिए बना रहे हैं तो यीस्ट बिल्कुल न डालें.
-ताजे अंगूर इस्तेमाल करने से स्वाद और रंग दोनों बेहतर आते हैं.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-how-to-make-non-alcoholic-red-wine-at-home-for-christmas-red-wine-ghar-par-kaise-banaye-ws-ekl-9961041.html







