
Tom Uncle Maggi Point: दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में बहुत कुछ खास है. इन्हीं खास चीजों में से एक है टॉम अंकल की मैगी. इस मैगी पॉइंट के मालिक संदीप ने बताया कि इस स्टॉल को 1978 में शुरू किया गया था. उन्होंने बताया कि आज तक इस पॉइंट की पब्लिसिटी के लिए एक भी रुपया खर्च नहीं किया, न पम्पलेट बंटवाए और न विज्ञापन निकलवा हैं. सिर्फ स्वाद की वजह से लोग यहां का स्वाद चखने के लिए आते हैं.
इस मैगी प्वाइंट के मालिक ने बताया कि इस स्टॉल को 1978 में सहारनपुर से मेरे पिता जी स्व. रमेश कटारिया, ने खालसा कॉलेज के सामने शुरू किया था. उन्होंने बताया कि उनका निक नेम टीटू था, जो बाद में टॉम अंकल के नाम से मशहूर हो गए. इस नाम को खालसा कॉलेज के स्टूडेंट्स ने उन्हें दिया था. उन्होंने बताया कि शुरुआत में इस दुकान पर शिकंजी, जल-जीरा और लाइम सोडा जैसी चीजें बेचा करते थे.
इतनी है मैगी की वैरायटी
मैगी प्वाइंट के संचालक ने बताया कि इस स्टॉल पर लगभग 54 प्रकार की मैगी बनाई जाती है. चीज, बटर, वेजिटेबल, वाइट सॉस, रेड सॉस, चीज कॉर्न, पनीर मसाला मैगी इनमें शुमार हैं. उन्होंने बताया कि ऑल इन वन मैगी को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है. इसमें वेजिटेबल, पनीर, बटर, चीज, ओरिगैनो सभी चीजें डाली जाती हैं. इसके बाद, अपना बनाया स्पेशल मसाला मैगी का स्वाद और भी ज्यादा बढ़ा देता है.
ये है इनकी मैगी रेसिपी
यहां पर मैगी को बिल्कुल घर की तरीके से बनाया जाता है. इसमें खास मसाले डाले जाते हैं. एक खास बात यह है कि इस मैगी में कोई ऑइल का प्रयोग नहीं किया जाता है. उन्होंने बताया कि यहां पर कोई भी चीज फ्राई भी नहीं की जाती है. सिर्फ सादी-सी मैगी तैयार की जाती है, जिसमें इसके स्पेशल मसाले होते हैं. अदरक और लहसुन का तड़का दिया जाता है और इसमें तीन तरह के मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. इसमें कई मसालों का मिश्रण होता है, जिसे आप एक तरह के चाट मसाले के साथ समझ सकते हैं. यहां पर आप मैगी 40 रुपए से लेकर 120 रुपए तक में खा सकते हैं.
इसे भी पढ़ें – स्नैक्स खाने हैं तो हेल्दी खाओ! 2 लड़कों ने शुरू किया खास रेस्टोरेंट, कम कीमत में खिला रहे हैं लाजवाब खाना
कैसे पहुंचे यहां
यहां की मैगी खाने के लिए आपको मेट्रो की येलो लाइन से जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन पर उतरना होगा. गेट नंबर-4 से बाहर निकलते ही, किसी भी रिक्शा से कमला नगर मॉरिस चौक के पास पहुंचना होगा. इसके पास में टॉम अंकल का मैगी पॉइंट दिख जाएगा. यह पॉइंट हफ्ते के सातों दिन खुला रहता है. आप यहां पर सुबह 11:00 बजे से लेकर रात के 11:00 बजे तक कभी भी आ सकते हैं. केवल रविवार के दिन 4:00 बजे के बाद यह पॉइंट खुलता है.
FIRST PUBLISHED : December 17, 2024, 11:32 IST
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-delhi-tom-uncle-maggi-point-menu-nearest-metro-north-campus-famous-food-local18-8900266.html

















