Last Updated:
Garlic Benefits in Winter: सर्दियों के मौसम में खांसी-जुकाम, जोड़ों का दर्द और इम्यूनिटी कमजोर होने की समस्या कॉमन हो जाती है. कई लोग इन परेशानियों से बचने के लिए दवाओं का सहारा लेते हैं. आयुर्वेदिक डॉक्टर्स की मानें तो सर्दियों में लहसुन औषधि की तरह काम करता है. लहसुन शरीर को अंदर से मजबूत करता है और तमाम परेशानियों से निजात दिलाता है. अलीगढ़ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज की पूर्व एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सरोज गौतम से इस बारे में जरूरी बातें जान लेते हैं.

लहसुन में सल्फर कंपाउंड्स पाए जाते हैं, जो औषधि का काम करते हैं. इनमें से एक कंपाउंड एलिसिन होता है, जो कई समस्याओं से राहत दिलाता है. लहसुन में विटामिन B6, विटामिन C, मैंगनीज, सेलेनियम और फाइबर जैसे तत्व होते हैं, जो शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं. यही कारण है कि आयुर्वेद में लहसुन को प्राकृतिक एंटीबायोटिक कहा गया है.

ठंड के मौसम में लहसुन का सेवन सर्दी-जुकाम और खांसी में बेहद असरदार माना जाता है. लहसुन में मौजूद एलिसिन शरीर में बैक्टीरिया और वायरस से लड़ता है. अगर सुबह खाली पेट एक या दो लहसुन की कच्ची कली चबाकर खाई जाए या इसे दूध में उबालकर पिया जाए, तो इम्यून सिस्टम मजबूत होता है और ठंड से बचाव होता है.

लहसुन का नियमित सेवन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है. यह शरीर में मौजूद हानिकारक तत्वों को बाहर निकालने और संक्रमण से बचाने में मदद करता है. जिन लोगों की इम्यूनिटी कमजोर होती है, उनके लिए लहसुन सर्दियों का सबसे असरदार घरेलू उपाय है.

लहसुन कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने में मदद करता है. यह रक्त प्रवाह को ठीक बनाए रखता है और धमनियों में जमे फैट को कम करने में सहायक होता है. डॉक्टरों के अनुसार, हर दिन दो कली लहसुन का सेवन दिल से जुड़ी बीमारियों के खतरे को कम कर सकता है.

सर्दियों में अक्सर लोगों को पेट फूलना, कब्ज या पाचन संबंधी परेशानी होती है. लहसुन में मौजूद एंटीबैक्टीरियल गुण आंतों को स्वस्थ रखते हैं और पाचन में सुधार करते हैं. रात को एक गिलास गुनगुने पानी के साथ लहसुन की एक कली खाने से पेट साफ रहता है.

अगर आप सर्दियों में भी वजन कम करना चाहते हैं, तो लहसुन मददगार साबित हो सकता है. यह शरीर की मेटाबॉलिज्म को बढ़ाता है और फैट बर्न करने में मदद करता है. गुनगुने पानी और नींबू के साथ लहसुन का सेवन सुबह खाली पेट करने से बेहतर रिजल्ट मिलता है.

लहसुन में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटीबैक्टीरियल गुण त्वचा की झुर्रियों, मुंहासों और बाल झड़ने की समस्या को कम करते हैं. इसका सेवन अंदर से शरीर को डिटॉक्स करता है, जिससे त्वचा में निखार आता है.

लहसुन को आप कई तरीकों से खा सकते हैं. सुबह खाली पेट 1-2 लहसुन की कच्ची कली चबाकर खाएं. दूध या गुनगुने पानी में उबालकर सेवन करें. दाल, सब्जी या सूप में लहसुन डालें. शहद के साथ भी इसका सेवन फायदेमंद माना जाता है.

लहसुन फायदेमंद है, लेकिन अधिक मात्रा में इसका सेवन नुकसानदायक भी हो सकता है. यह ब्लड प्रेशर को ज्यादा कम कर सकता है या गैस्ट्रिक समस्या बढ़ा सकता है. इसलिए रोजाना 2-3 कली से ज्यादा लहसुन न खाएं और अगर आपको कोई एलर्जी या पेट में जलन महसूस हो तो सेवन बंद कर दें.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/health-garlic-in-winter-natural-remedy-for-immunity-cold-and-heart-health-sardiyo-me-lahsun-khane-ke-fayde-ws-e-9783199.html

















