Last Updated:
Foods to Avoid in High BP: हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए. ज्यादा नमक, जंक फूड, प्रोसेस्ड चीजें, मीठा, शराब और कैफीन जैसी चीजें ब्लड प्रेशर को बढ़ा सकती हैं. बीपी कंट्रोल रखने के लिए घर का बना ताजा और हेल्दी खाना फायदेमंद होता है. समय रहते खानपान की आदतें सुधारने से भविष्य में गंभीर परेशानियों से बचा सकता है.

हाई ब्लड प्रेशर की समस्या अब महामारी की तरह फैल रही है. दुनिया में करोड़ों की संख्या में लोग हाई बीपी की समस्या से जूझ रहे हैं. इसे मेडिकल की भाषा में हाइपरटेंशन कहा जाता है. इस परेशानी को अक्सर साइलेंट किलर कहा जाता है, क्योंकि इसके लक्षण कई बार नजर नहीं आते हैं, लेकिन असर बहुत गंभीर होता है. अगर ब्लड प्रेशर लंबे समय तक कंट्रोल में न रहे, तो हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, किडनी फेल्योर और आंखों की रोशनी को भी नुकसान पहुंच सकता है. दवाओं के साथ-साथ सही खान-पान हाई बीपी कंट्रोल कर सकता है.

नोएडा के डाइट मंत्रा क्लीनिक की सीनियर डाइटिशियन कामिनी सिन्हा ने Bharat.one को बताया कि ज्यादा नमक वाले फूड्स बीपी तेजी से बढ़ा सकते हैं. नमक ब्लड प्रेशर बढ़ाने का सबसे बड़ा कारण है. अचार, पापड़, नमकीन, चिप्स और पैकेट वाले स्नैक्स में जरूरत से कहीं ज्यादा सोडियम होता है. ज्यादा नमक खाने से शरीर में पानी जमा होने लगता है, जिससे नसों पर दबाव बढ़ता है और बीपी अचानक बढ़ सकता है. हाई बीपी मरीजों को दिनभर में नमक की मात्रा एक चम्मच से कम रखनी चाहिए.

डाइटिशियन के अनुसार प्रोसेस्ड और पैकेज्ड फूड्स से बीपी बढ़ सकता है. हाई बीपी के मरीजों को इन फूड्स से दूर रहना चाहिए. इंस्टेंट नूडल्स, पैकेज्ड सूप, फ्रोजन स्नैक्स और रेडी-टू-ईट फूड्स देखने में आसान लगते हैं, लेकिन ये सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक होते हैं. इनमें छिपा हुआ नमक, केमिकल प्रिजर्वेटिव्स और आर्टिफिशियल फ्लेवर होते हैं, जो धीरे-धीरे ब्लड प्रेशर को बिगाड़ देते हैं.
Add Bharat.one as
Preferred Source on Google

तले-भुने और जंक फूड्स भी ब्लड प्रेशर बढ़ा सकते हैं. समोसा, कचौरी, पकोड़े, बर्गर, पिज्जा और फ्रेंच फ्राइज जैसे फूड्स में ट्रांस फैट और सैचुरेटेड फैट भरपूर होता है. ये फैट नसों में जमा होकर ब्लॉकेज बढ़ाते हैं, जिससे दिल को खून पंप करने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और बीपी लगातार हाई रहने लगता है. मरीजों को इन फूड्स से बचना चाहिए.

मीठी चीजें और शुगरी ड्रिंक्स हाई बीपी के मरीजों के लिए बेहद नुकसानदायक हैं. ज्यादा मिठाइयां, केक, बिस्कुट, कोल्ड ड्रिंक्स और पैकेज्ड जूस वजन तेजी से बढ़ाते हैं. मोटापा हाई ब्लड प्रेशर का बड़ा कारण है. इसके अलावा ज्यादा शुगर लेने से इंसुलिन रेजिस्टेंस बढ़ता है, जो बीपी कंट्रोल को और मुश्किल बना देता है.

रेड मीट और प्रोसेस्ड मीट से भी बीपी के मरीजों को परहेज करना चाहिए. रेड मीट और प्रोसेस्ड मीट जैसे सॉसेज, सलामी और बेकन में फैट और सोडियम दोनों ज्यादा होते हैं. इनका नियमित सेवन नसों को सख्त बना देता है और कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ाता है, जिससे हाई बीपी और हार्ट डिजीज का खतरा कई गुना बढ़ जाता है.

ज्यादा कैफीन और शराब का सेवन करने से बीपी बढ़ सकता है. जरूरत से ज्यादा चाय, कॉफी और एनर्जी ड्रिंक्स लेने से ब्लड प्रेशर कुछ समय के लिए तेजी से बढ़ सकता है. वहीं शराब का नियमित सेवन ब्लड प्रेशर को लंबे समय तक हाई रखता है और दवाओं के असर को भी कम कर देता है. हाई बीपी मरीजों को कैफीन और शराब दोनों से दूरी बनानी चाहिए.

टोमैटो सॉस, सोया सॉस, रेडी चटनी और सलाद ड्रेसिंग्स में भी बहुत ज्यादा नमक छिपा होता है. रोजाना इनका इस्तेमाल करने से नमक की मात्रा अनजाने में बढ़ जाती है, जिससे बीपी कंट्रोल से बाहर जा सकता है. हाइपरटेंशन से जूझ रहे लोगों को इन चीजों से परहेज करना चाहिए और हेल्दी फूड्स का सेवन करना चाहिए.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/health-8-foods-that-can-spike-blood-pressure-and-harm-your-heart-avoid-these-foods-tips-to-control-bp-10014225.html

















