Should You Reheat Food: आजकल लोगों के पास वक्त की कमी है. ऑफिस के कामकाज की वजह से कई लोगों को खाने बनाने का वक्त नहीं मिलता है. ऐसे में वे दिनभर में एक बार खाना बनाकर रख देते हैं और उसी को बार-बार गर्म करके खाते रहते हैं. सर्दियों में खासतौर से लोग खाने को बार-बार गर्म करके खाना पसंद करते हैं. क्या आप जानते हैं कि बार-बार गर्म किया गया खाना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है? जी हां, सुनकर अजीब लग रहा होगा, लेकिन यह बात बिल्कुल सही है. बार-बार गर्म करने से खाने में कई ऐसे बदलाव हो जाते हैं, जो देखने में भले ही नजर न आएं, लेकिन शरीर पर असर होता है.
हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो खाने को बार-बार गर्म करके खाने के बजाय ताजा बनाकर खाना चाहिए. खाने को बार-बार गर्म करने से उसके पोषक तत्व कम हो सकते हैं और कई बार संरचना तक बदल जाती है. दाल, सब्जियां, पत्तेदार हरी सब्जियां, अंडे और चिकन को बार-बार गर्म करना नुकसानदायक हो सकता है. इसके इन चीजों में मौजूद विटामिन B, विटामिन C और प्रोटीन की गुणवत्ता कम जाती है. इससे शरीर को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता और लंबे समय में कमजोरी, थकान और इम्यूनिटी कम होने जैसी समस्याएं शुरू हो सकती हैं. कई बार इनमें बैक्टीरिया भी बढ़ जाते हैं, जिससे सेहत पर बुरा असर होता है.
एक्सपर्ट्स बताते हैं कि पका हुआ खाना अगर लंबे समय तक रूम टेंपरेचर पर रखा जाए, तो उसमें बैक्टीरिया तेजी से पनपने लगते हैं. जब ऐसे खाने को बार-बार गर्म किया जाता है, तो सभी बैक्टीरिया नष्ट नहीं होते हैं, बल्कि कुछ टॉक्सिन्स और मजबूत हो जाते हैं. इन्हें खाने से फूड पॉइजनिंग, उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं. चावल, नूडल्स, चिकन और सीफूड दोबारा गर्म करने पर ज्यादा नुकसानदायक होते हैं. कुछ खाद्य पदार्थों की संरचना बार-बार गर्म करने पर खराब हो जाती है. पालक और चुकंदर दोबारा गर्म करने पर नाइट्रेट को नाइट्राइट में बदल देते हैं, जो शरीर के लिए हानिकारक माना जाता है. चावल में बैसिलस सेरियस नामक बैक्टीरिया के टॉक्सिन्स बढ़ सकते हैं. अंडे और चिकन दोबारा गर्म करने पर प्रोटीन की संरचना बिगाड़ देते हैं, जिससे पाचन में समस्या होती है.
तेल में बना खाना बार-बार गर्म करने से ट्रांस-फैट बढ़ाता है, जो दिल के लिए हानिकारक है. बहुत से लोग माइक्रोवेव में खाना गर्म करते हैं, लेकिन माइक्रोवेव खाना समान रूप से गर्म नहीं कर पाता है. इसका मतलब है कि कुछ हिस्से अधपके रह जाते हैं और बैक्टीरिया जीवित रहते हैं. इसके अलावा माइक्रोवेव में रखे प्लास्टिक कंटेनर से माइक्रोपार्टिकल्स या हानिकारक केमिकल्स खाने में घुल सकते हैं, जिससे हार्मोनल असंतुलन और स्वास्थ्य संबंधी अन्य समस्याएं बढ़ सकती हैं.
अब सवाल है कि खाने को लंबे समय तक कैसे स्टोर रखें? इस पर एक्सपर्ट्स का कहना है कि गर्म खाना 2 घंटे के भीतर फ्रिज में रखें और एयरटाइट कंटेनर का उपयोग करें. खाना हमेशा एक बार ही गर्म करें, बार-बार गर्म न करें. बचा हुआ खाना 24 घंटे से ज्यादा न रखें. रेफ्रिजरेटर से निकालकर खाने को अच्छी तरह उबालकर गर्म करें. इन छोटे-छोटे कदमों से आप स्वास्थ्य समस्याओं से बच सकते हैं और खाने को ज्यादा सुरक्षित बना सकते हैं.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-is-reheating-food-dangerous-here-is-what-you-must-know-hidden-risks-of-reheating-food-multiple-times-ws-n-9896395.html

















