Best Source of Protein: प्रोटीन हमारे शरीर के लिए बेहद जरूरी होता है. यह मसल्स की ग्रोथ से लेकर इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है. बॉडी बिल्डिंग और एक्सरसाइज करने वाले लोगों को प्रोटीन की ज्यादा जरूरत होती है. प्रोटीन की कमी पूरा करने के लिए कई लोग अंडा खाते हैं, जबकि कुछ लोग चिकन खाना पसंद करते हैं. जो लोग अंडा और चिकन नहीं खाते हैं, वे वेजिटेरियन सोर्स पनीर का सेवन करते हैं. अंडा, पनीर और चिकन तीनों को प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स माना जाता है. अक्सर लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि पनीर, अंडा और चिकन में प्रोटीन का सबसे अच्छा सोर्स कौन सा है. चलिए इस बारे में फैक्ट जानने की कोशिश करते हैं, ताकि आप बेहतर विकल्प चुन सकें.
ET की रिपोर्ट के मुताबिक पनीर, अंडा और चिकन तीनों में प्रोटीन की भरपूर मात्रा होती है. इन तीनों का सेवन करने से प्रोटीन की कमी दूर हो सकती है. हालांकि इन तीनों का प्रोटीन शरीर में अलग-अलग तरीके से अब्जॉर्ब होता है. लोगों के लिए प्रोटीन की मात्रा के साथ यह भी जानना जरूरी है कि कौन सा प्रोटीन शरीर सबसे अच्छे तरीके से अवशोषित करता है. अगर आप सही विकल्प चुनेंगे, तो आपके शरीर को सबसे ज्यादा फायदा होगा. गलत ऑप्शन चुनने से पाचन तंत्र पर एक्स्ट्रा लोड आ जाएगा.
अंडा की प्रोटीन क्वालिटी सबसे बेस्ट
हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो अंडा को परफेक्ट प्रोटीन माना जाता है. एक उबले अंडे में करीब 5.5 ग्राम प्रोटीन होता है और इसमें विटामिन B12, विटामिन D, सेलेनियम, हेल्दी फैट, ल्यूटिन–जियाजैंथिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट भी पाए जाते हैं. रिसर्च के अनुसार अंडे का अमीनो एसिड स्कोर 100 है और इसका नेट प्रोटीन यूटिलाइजेशन (NPU) सबसे ज्यादा होता है. इसका मतलब है कि शरीर अंडे के प्रोटीन को सबसे अच्छे तरीके से इस्तेमाल करता है. अंडे का प्रोटीन मसल रिकवरी, इम्यून हेल्थ, आई हेल्थ और मेटाबॉलिज्म में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
पनीर का प्रोटीन धीमे पचने वाला
एक्सपर्ट बताते हैं कि 40 ग्राम पनीर में करीब 7.5 ग्राम प्रोटीन होता है और इसमें कैल्शियम, फॉस्फोरस, फोलेट और हेल्दी फैट भी पाया जाता है. पनीर का बड़ा फायदा यह है कि यह धीरे पचता है, इसलिए यह लंबे समय तक पेट भरा रखता है. पनीर में 16 से 18% प्रोटीन और 22 से 25% फैट होता है. इसमें मौजूद व्हे प्रोटीन की बायोलॉजिकल वैल्यू भी अच्छी होती है. यह बच्चों, गर्भवती महिलाओं और कमजोर पाचन वाले लोगों के लिए भी बढ़िया माना जाता है. जो लोग अंडा–चिकन नहीं खाते, उनके लिए यह बेहतरीन प्रोटीन सोर्स है. पनीर को कच्चा भी खाया जा सकता है.
चिकन में सबसे ज्यादा प्रोटीन की मात्रा
फिटनेस और मसल बिल्डिंग के लिए चिकन प्रोटीन की पहली पसंद माना जाता है. खासकर चिकन ब्रेस्ट में प्रोटीन की मात्रा सबसे ज्यादा होती है. 100 ग्राम चिकन ब्रेस्ट में 32 ग्राम प्रोटीन होता है और 174 ग्राम पके हुए ब्रेस्ट में 56 ग्राम प्रोटीन होता है. यह एक लीन प्रोटीन है यानी कैलोरी कम और प्रोटीन ज्यादा. यह वजन कम करने और लीन मसल्स बनाने वालों के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद है. चिकन के बाकी हिस्सों में प्रोटीन थोड़ा कम और फैट थोड़ा ज्यादा होता है.
सबसे जल्दी पचता है यह प्रोटीन
प्रोटीन के पचने और अब्जॉर्ब होने में तीनों में बड़ा अंतर होता है. अंडा सबसे तेज और सबसे अच्छी तरह अवशोषित होता है. चिकन मोडरेट स्पीड से अवशोषित होता है और मसल गेन में प्रभावी है. पनीर धीमे पचने वाला प्रोटीन है, लेकिन लंबे समय तक एनर्जी देता है. इंस्टेंट अवशोषण चाहिए तो अंडा खाएं, ज्यादा प्रोटीन मात्रा चाहिए तो चिकन खाएं. अगर लंबे समय तक एनर्जी चाहिए तो पनीर बेहतर है. आसान भाषा में कहें, तो आप अपनी जरूरत के अनुसार ऑप्शन चुन सकते हैं.
आपके लिए कौन सा सोर्स बेहतर
हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो मसल्स रिकवरी और ज्यादा प्रोटीन अवशोषण के लिए अंडा खाएं. वजन कम करना है और हाई-प्रोटीन लो-कैलोरी डाइट लेनी है, तो चिकन ब्रेस्ट खाएं. लंबे समय तक पेट भरा रखना है और वेजिटेरियन डाइट लेनी है, तो पनीर खाएं. तीनों के अपने फायदे हैं, इसलिए एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि जरूरत और लाइफस्टाइल के अनुसार इनका कॉम्बिनेशन बेहतर होता है. सही विकल्प आपकी उम्र, पाचन, फिटनेस गोल, कैलोरी जरूरत और खाने की आदतों पर निर्भर करता है.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-paneer-vs-eggs-vs-chicken-which-is-healthiest-source-of-protein-paneer-me-jyada-protein-hai-ya-ande-me-ws-en-9887012.html

















