Hidden Risks of Walking Barefoot: कई लोग साफ-सफाई के चक्कर में घर के बाहर ही जूते-चप्पत उतार देते हैं. लोगों को लगता है कि इससे घर साफ रहेगा और नंगे पैर घूमने में आसानी होगी. घर के अंदर अधिकतर लोग नंगे पैर घूमना पसंद करते हैं. कुछ लोग इसे आरामदायक मानते हैं, तो कुछ इसे भारतीय परंपरा या साफ-सफाई से जोड़कर देखते हैं. खासकर वर्क फ्रॉम होम के बढ़ते चलन के बाद लोग पूरे दिन बिना जूते-चप्पल के ही घर में चलते-फिरते रहते हैं. अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो सावधान होने की जरूरत है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि घर के अंदर भी लंबे समय तक नंगे पैर चलना पैरों, जोड़ों और रीढ़ की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. यह आदत धीरे-धीरे कई गंभीर समस्याओं की वजह बन सकती है.
एक्सपर्ट्स की मानें तो कभी किचन में खड़े होकर खाना बनाना, कभी सीढ़ियां चढ़ना-उतरना, कभी सफाई या कपड़े धोने के दौरान अक्सर लोग नंगे पैर करते हैं. ये सभी एक्टिविटीज सख्त फर्श पर बिना किसी सपोर्ट के होती हैं. ऐसे में पैरों के नीचे मौजूद फैट पैड ही पूरा झटका सहता है. लगातार दबाव पड़ने से सूजन, दर्द और थकान बढ़ती जाती है, जो समय के साथ मेटाटार्साल्जिया और प्लांटर फैसिआइटिस जैसी समस्याओं में बदल सकती है.
डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए घर में नंगे पैर चलना बेहद खतरनाक हो सकता है. इस बीमारी में पैरों की नसों की सेंसिटिविटी कम हो जाती है, जिससे छोटी चोट, छाला या कट का समय पर पता नहीं चलता है. फर्श पर पड़ी छोटी-मोटी चीजें भी गंभीर घाव या संक्रमण का कारण बन सकती हैं. कोविड महामारी के दौरान घर में चलते समय उंगलियों और पैरों के फ्रैक्चर के मामलों में भी बढ़ोतरी देखी गई थी. एक्सपर्ट्स की मानें तो घर के अंदर भी जूते पहनने से स्थिरता बढ़ती है और चोट का खतरा कम होता है.
नंगे पैर फर्श पर चलने से एड़ियों, टखनों, घुटनों और कमर पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है, खासकर टाइल या मार्बल जैसी सख्त सतहों पर नंगे पैर घूमने से एड़ी में दर्द, जोड़ों में अकड़न, एचिलीज टेंडोनाइटिस और पीठ दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं. ठंडे फर्श पर नंगे पैर चलने से शरीर का तापमान प्रभावित हो सकता है, जिससे सर्दी-जुकाम, खांसी और पैरों में ठंड लगने की शिकायत हो सकती है. बच्चों और बुजुर्गों में इसका असर जल्दी दिखाई देता है. लंबे समय तक ठंडी सतह के संपर्क में रहने से मांसपेशियों में खिंचाव, जकड़न और ऐंठन की समस्या भी हो सकती है.
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार घर के अंदर हल्के, आरामदायक और सपोर्ट वाले जूते या स्लिपर्स पहनना सबसे सुरक्षित विकल्प है. ऐसे फुटवियर चुनें, जिनमें अच्छी कुशनिंग, आर्च सपोर्ट और मजबूत ग्रिप हो. बहुत पतली या पूरी तरह मुड़ जाने वाली चप्पलें नुकसानदायक हो सकती हैं. बाथरूम के लिए अलग चप्पल रखें और घर के अंदर व बाहर के जूतों को अलग-अलग इस्तेमाल करें, ताकि गंदगी और जर्म्स से बचाव हो सके. नंगे पैर चलना कुछ समय के लिए आरामदायक लग सकता है, लेकिन लंबे समय में यह आदत पैरों, जोड़ों और पूरे शरीर को नुकसान पहुंचा सकती है. छोटी-सी सावधानी बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से बचा सकती है.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-why-walking-barefoot-indoors-may-be-hurting-your-feet-nange-pair-ghumne-ke-nuksan-10105519.html







