Last Updated:
Udaipur News: उदयपुर की झीलों और ऐतिहासिक स्थलों में इस लॉन्ग वीकेंड पर देशी-विदेशी पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली. सिटी पैलेस, पिछोला और फतेहसागर झील पर बोटिंग का आनंद उठाते हुए सैलानी शहर की खूबसूरती में खो गए. होटल और रिसॉर्ट्स पहले से ही फुल, लोकल शॉप्स और रेस्तरां में व्यस्तता, और आकर्षक लाइटिंग ने उदयपुर को एक बार फिर टूरिस्ट हॉटस्पॉट बना दिया है.
उदयपुर. झीलों की नगरी एक बार फिर देशी-विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद बनती नजर आ रही है. 23 जनवरी से शुरू हुए और 26 जनवरी तक चलने वाले लॉन्ग वीकेंड का असर शहर में साफ दिखाई दे रहा है. शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ रही है और हर तरफ रौनक का माहौल बना हुआ है. सिटी पैलेस, गंगौर घाट, फतेहसागर, दूधतलाई और पिछोला झील में बोटिंग के दौरान सैकड़ों की संख्या में पर्यटक देखे जा रहे हैं. कई जगहों पर तो पैर रखने तक की जगह नहीं बची.
पर्यटक उदयपुर की ऐतिहासिक विरासत, खूबसूरत झीलों और शांत माहौल का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं. खास बात यह है कि सिर्फ बड़े शहरों से ही नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग राज्यों से भी लोग उदयपुर घूमने आ रहे हैं. पर्यटकों की इस जबरदस्त आमद का सीधा असर होटल और रिसॉर्ट इंडस्ट्री पर भी दिखाई दे रहा है. शहर के करीब 90 प्रतिशत से अधिक होटल और रिसॉर्ट्स पहले से ही फुल बताए जा रहे हैं.
एडवांस बुकिंग के बिना कमरा मिलना मुश्किल
कई होटलों में तो एडवांस बुकिंग के बिना कमरा मिलना मुश्किल हो गया है, होटल संचालकों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से लगातार बुकिंग और पूछताछ (इंक्वायरी) आ रही थी, जिससे अंदाजा लग गया था कि इस बार लॉन्ग वीकेंड काफी अच्छा रहने वाला है. उदयपुर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बताया कि इस बार पर्यटकों की संख्या रिकॉर्ड तोड़ रही है. उन्होंने कहा कि दिसंबर में क्रिसमस और न्यू ईयर के दौरान भी बड़ी संख्या में सैलानी उदयपुर पहुंचे थे और अब जनवरी के लॉन्ग वीकेंड ने पर्यटन व्यवसाय को फिर से मजबूती दी है. उनका मानना है कि आने वाले दिनों में भी पर्यटकों का फ्लो बना रहेगा.
लॉन्ग वीकेंड से न सिर्फ होटल कारोबारियों को फायदा हुआ है, बल्कि टैक्सी चालक, ऑटो चालक, बोट ऑपरेटर, गाइड, रेस्टोरेंट और लोकल शॉप्स के व्यापारियों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. स्थानीय दुकानों पर राजस्थानी हैंडीक्राफ्ट, पेंटिंग्स और पारंपरिक कपड़ों की अच्छी बिक्री हो रही है. गणतंत्र दिवस की तैयारियों के चलते उदयपुर के प्रमुख ऐतिहासिक स्मारकों को खास लाइटिंग से सजाया गया है. सिटी पैलेस, प्रमुख चौराहों और पर्यटन स्थलों पर की गई आकर्षक रोशनी पर्यटकों के लिए अतिरिक्त आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. शाम होते ही शहर जगमगा उठता है और पर्यटक इस खूबसूरती को कैमरे में कैद करते नजर आ रहे हैं. लॉन्ग वीकेंड ने उदयपुर के पर्यटन को नई ऊर्जा दी है और शहर एक बार फिर पूरी तरह से टूरिस्ट हॉटस्पॉट के रूप में चमकता नजर आ रहा है.
About the Author
Hello I am Monali, born and brought up in Jaipur. Working in media industry from last 9 years as an News presenter cum news editor. Came so far worked with media houses like First India News, Etv Bharat and NEW…और पढ़ें
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/travel-hotels-in-udaipur-90-percent-full-in-last-week-of-january-local18-ws-kl-10104424.html
