बीते कुछ वर्षों में भारतीय पर्यटकों की पसंद तेजी से बदल रही है. लोग छुट्टियों में मस्ती करने के लिए थाईलैंड, मालदीव्स, दुबई जैसे सबसे फेमस जगह पर पहुंच जाते थे, वहीं अब भारतीय यात्रियों की नजरें कुछ नए और कम भीड़-भाड़ वाले देशों की ओर मुड़ी हैं. अब इसमें अजरबैजान का नाम भी शामिल हो गया है. यह मिडल एशिया और यूरोप के संगम पर स्थित एक खूबसूरत देश है जो अब भारतीय पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.
अगर आप इंटरनेशनल ट्रिप की प्लानिंग कर रहे हैं और थाईलैंड या मालदीव्स जैसी जगहों से हटकर कुछ नया एक्सपीरियंस करना चाहते हैं, तो अजरबैजान आपके लिए एक शानदार विकल्प बनकर उभर रहा है. इसकी वजह सिर्फ इसकी खूबसूरती नहीं, बल्कि बजट फ्रेंडली, आसान वीजा प्रोसेस और वहां का भारतीयों के प्रति दोस्ताना माहौल भी है. अजरबैजान की राजधानी बाकू, मॉडर्न इमारतों और ऐतिहासिक धरोहरों का अद्भुत संगम है. यहां का फ्लेम टावर्स, ओल्ड सिटी, और कैस्पियन सी का नजारा पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देता है. अगर आपको पुरानी गलियों में घूमना, कल्चर को करीब से जानना और साथ ही इंस्टाग्राम पर शानदार तस्वीरें शेयर करना पसंद है, तो बाकू एकदम परफेक्ट डेस्टिनेशन है.
कैसे पहुंचे अजरबैजान?
भारत से बाकू के लिए सीधी फ्लाइट्स फिलहाल नहीं हैं, लेकिन एयर अरेबिया, फ्लाई दुबई और कतार एयरवेज जैसी एयरलाइनों के जरिए आप 7 से 10 घंटे में आराम से वहां पहुंच सकते हैं. रिटर्न फ्लाइट का खर्च औसतन ₹28,000 से ₹45,000 तक होता है. वीजा की बात करें तो ई-वीजा की सुविधा उपलब्ध है, जिसे आप ऑनलाइन मात्र ₹1,800-₹2,000 में प्राप्त कर सकते हैं.
होटल और खाने का खर्च?
अब होटल्स की बात करें तो अजरबैजान में हर बजट के हिसाब से रहने की व्यवस्था मिल जाती है. गेस्टहाउस या बजट होटल ₹1,500 से शुरू हो जाते हैं, वहीं 3-4 स्टार होटल्स ₹3,000 से ₹5,000 तक में मिल जाते हैं. एयरबीएनबी का ऑप्शन भी यहां काफी लोकप्रिय है, जहां ₹2,000–₹4,000 में आपको प्राइवेट अपार्टमेंट मिल सकता है. इसके अलावा खाने-पीने में लोकल फूड काफी स्वादिष्ट और सस्ता है. एक साधारण रेस्टोरेंट में ₹300 से ₹600 में भरपेट खाना मिल जाता है. वहीं, भारतीय रेस्टोरेंट्स भी आसानी से मिल जाते हैं, जहां ₹500-₹800 में डिनर किया जा सकता है. अगर आप स्ट्रीट फूड ट्राई करना पसंद करते हैं तो ₹100-₹250 में टेस्टी स्नैक्स मिल जाते हैं.
लोकल ट्रांसपोर्ट के लिए Uber और मेट्रो
यहां का लोकल ट्रांसपोर्ट भी सस्ता और सुविधाजनक है. Uber जैसी सेवाएं ₹150-₹300 में शहर के एक हिस्से से दूसरे तक पहुंचा देती हैं, वहीं मेट्रो और बस पास ₹100–₹150 में मिल जाते हैं. अगर कुल खर्च की बात करें तो दो लोगों के 5 दिन के ट्रिप पर औसतन ₹85,000 से ₹95,000 का खर्च आता है, जिसमें फ्लाइट, होटल, फूड, लोकल ट्रैवल और वीजा सब कुछ शामिल होता है.
इसलिए पसंद आ रहा अजरबैजान
अजरबैजान उन लोगों के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन है जो यूरोपियन एक्सपीरियंस तो चाहते हैं लेकिन जेब का ख्याल भी रखते हैं. यहां कम भीड़ और इंडियन फ्रेंडली माहौल इसे और भी खास बना देता है. यही वजह है कि अब भारतीय ट्रैवलर्स थाईलैंड और मालदीव्स से हटकर अजरबैजान जैसे नए डेस्टिनेशन की ओर रुख कर रहे हैं.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/travel-azerbaijan-new-favorite-destination-for-indian-tourists-not-maldives-and-thailand-now-know-why-9168950.html

















