मानव जीवन मुश्किलों का दूसरा नाम है. यह भी सच है समस्त प्राणियों में मनुष्य ही स्वयं अपनी इस समस्या का समाधान कर सकता है. मुश्किल चाहें जो भी हो. कई बार इंसान को एक टेस्टिंग फेस में भी जाना पड़ता है. इस दौरान एहसास होता है कि कोई दैवीय शक्ति है जो हमारी मदद करना चाह रही है. ये वैसा ही है जैसे आप किसी गंभीर हादसे से बच निकलें. उस वक्त ऐसा मालूम होता है कि जैसे किसी ने हमें कवर किया था. इससे पता चलता है कि आपके पास कोई दैवीय शक्ति है जो आपकी मदद करना चाहती है. हां ये जरूर है कि, किसी को कम तो किसी को ज्यादा. अब सवाल उठता है कि आम व्यक्ति कैसे पहचानें कि दैवीय शक्तियां उसकी मदद कर रही हैं? या उसकी पूजा-पाठ और प्रार्थना का असर हो रहा है? आइए जानते हैं इस बारे में-
इन 9 संकेतों से जानें दैवीय शक्तियां कर रही हैं आपकी मदद
चरित्र का अच्छा होना: शास्त्रों की मानें तो दैवीय शक्तियां उसकी मदद करती हैं, जो दूसरों के दुख समझता है. जो बुराइयों से दूर रहता है, जो नकारात्मक विचारों से दूर रहता है, जो नियमित अपने इष्ट की आराधना करता है या जो पुण्य के काम में लगा हुआ है. यदि आप समझते हैं कि मैं ऐसा ही हूं तो निश्चित ही दैवीय शक्तियां आपकी मदद कर रही हैं.
सपने में देवगण के दर्शन होना: अगर आपको बारंबार मंदिर या किसी देव स्थान के ही सपने आते रहते हैं. सपने में आप आसमान में ही उड़ते रहते हैं या सपने में आप देवी-देवताओं से वार्तालाप करते रहते हैं तो आप समझ जाइए कि दैवीय शक्तियां आप पर मेहरबान हैं.

ब्रह्म मुहूर्त में आंखें खुलना: प्रतिदिन ब्रह्म मुहूर्त यानी रात्रि 3 से 5 के बीच अचानक आंखें खुलना भी दैवीय शक्तियां आपके साथ होने का संकेत हो सकता हैं. बता दें कि, यही वह समय होता है जब देवता जाग्रत रहते हैं. यदि आप अपने बचपन से लेकर जवानी तक इस समय के बीच उठते रहे हैं तो समझ जाएं कि दैवीय शक्तियां आपके माध्यम से कुछ करवाना चाहती हैं.
पूर्वाभास होना: अगर किसी इंसान को जीवन में घटित होने वाली घटनाओं का पहले से ही ज्ञान हो जाता है या आपको पूर्वाभास हो जाता है तो आप समझ जाइए कि दैवीय शक्तियों की आप पर कृपा है.
भाग्य से भी तेज: जीवन में आपको अचानक से लाभ प्राप्त हो जाता है. आपके किसी भी कार्य में किसी भी प्रकार की आपको बाधा उत्पन्न नहीं होती है और सभी कुछ आपको बहुत आसानी से मिल जाता है, तो आप समझ जाइए कि दैवीय शक्तियां आपकी मदद कर रही हैं.
सुगंधित वातावरण का अहसास: यदि कभी-कभी आपको यह महसूस होता है कि मेरे आसपास कोई है या आपको बिना किसी कारण ही अपने आसपास सुगंध का अहसास हो तो समझ जाइए कि अलौकिक शक्तियां आपके आसपास आपकी मदद के लिए हैं.
ठंडी हवा का घेरा: भूमि पर रहते हुए भी कभी-कभी आपको यह अहसास हो कि मेरे आसपास बादल या ठंडी हवा का एक पुंज है जिसने मुझे घेरा हुआ है तो आप समझ जाइए कि अलौकिक या दैवीय शक्ति ने आपको घेर रखा है. ऐसा अक्सर बहुत ज्यादा पूजा-पाठ करने वाले व्यक्ति के साथ होता है.
किसी की आवाज सुनाई देना: आप रात्रि में गहरी नींद में सो रहे हैं और आपको लगता है कि किसी ने मुझे आवाज दी और आप अचानक ही उठ जाते हैं, लेकिन फिर आपको आभास होता है कि यहां तो कोई नहीं है. लेकिन आवाज तो स्पष्ट थी. ऐसा आपके साथ कई बार हो जाता है तो आप समझ जाइए कि आप पर किसी अलौकिक शक्ति की मेहरबानी है.
रोशनी का पुंज: अचानक ही आपको तेज रोशनी का पुंज दिखाई दे जिसकी कि आप कल्पना भी नहीं कर सकते या आपको अचानक ही कानों में मधुर संगीत सुनाई दे और आप आश्चर्य करें कि यहां आसपास तो कोई संगीत बज ही नहीं रहा. फिर भी वह कानों में सीटी बजने की तरह सुनाई दे, तो आप समझ जाइए कि आप दैवीय शक्ति के सान्निध्य में हैं.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

















