Last Updated:
Jamshedpur News: जमशेदपुर के हृदय स्थल बिष्टुपुर में स्थित श्री श्याम मंदिर आज शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में गिना जाता है. यह मंदिर सिर्फ पूजा का स्थान नहीं, बल्कि श्रद्धा, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बन चुका है.
जमशेदपुर के हृदय स्थल बिष्टुपुर में स्थित श्री श्याम मंदिर आज शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में गिना जाता है. यह मंदिर सिर्फ पूजा का स्थान नहीं, बल्कि श्रद्धा, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बन चुका है. यहां रोज़ाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं, खासकर शाम के समय मंदिर का वातावरण भक्ति में पूरी तरह डूबा हुआ दिखाई देता है.
इस मंदिर की खास बात इसका आध्यात्मिक इतिहास है. जानकारी देते हुए पंडित कमल शर्मा बताते है कि शुरुआत में यहां भगवान लक्ष्मी-नारायण जी की प्रतिमा स्थापित थी, जिनकी नियमित पूजा-अर्चना होती थी. समय के साथ मंदिर में बजरंगबली, शिव परिवार और मां दुर्गा की मूर्तियां भी स्थापित की गईं. इन सभी देवी-देवताओं की आराधना से मंदिर का धार्मिक महत्व लगातार बढ़ता गया और यह क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया.
बिष्टुपुर में खाटू श्याम बाबा का दिव्य धाम,
हाल ही में इस मंदिर में खाटू श्याम बाबा की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसके बाद मंदिर की पहचान और भी विशेष हो गई है. बाबा की प्रतिमा की स्थापना पूरे विधि-विधान और भक्ति भाव के साथ की गई. खास बात यह है कि यहां खाटू धाम से आए पुरोहित भी समय-समय पर पूजा-अर्चना करवाते हैं. जिससे श्रद्धालुओं को असली खाटू धाम जैसा आध्यात्मिक अनुभव मिलता है. मंदिर की बनावट भी इसे खास बनाती है. पूरे मंदिर की सजावट में कांच का सुंदर और कलात्मक उपयोग किया गया है. दिल्ली और राजस्थान से आए कारीगरों ने बारीकी से इसकी डेकोरेशन की है. मंदिर की दीवारों और छतों पर भगवान की विभिन्न लीलाओं के मनमोहक दृश्य उकेरे गए हैं, जो दर्शन करने आए लोगों को आध्यात्मिक आनंद के साथ दृश्य सुख भी देते हैं.
भक्ति से गूंजता है पूरा मंदिर
यहां का नजारा बेहद अलौकिक हो जाता है. भक्तजन मिलकर भजन-कीर्तन करते हैं, ढोलक और झांझ की धुन पर पूरा मंदिर भक्ति रस में डूब जाता है. खासकर ग्यारस (एकादशी) के दिन यहां विशेष पूजा और कीर्तन का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं. इसके अलावा होली, दीपावली, नवरात्र, जन्माष्टमी जैसे छोटे-बड़े सभी त्योहार यहां बेहद धूमधाम से मनाए जाते हैं.कुल मिलाकर, बिष्टुपुर का श्री श्याम मंदिर सिर्फ एक मंदिर नहीं, बल्कि भक्ति, कला और संस्कृति का जीवंत संगम है, जहां हर श्रद्धालु को शांति और आस्था का दिव्य अनुभव होता है.

















