
Tulsi plant care in winter season: हिंदू धर्म में घर के आगन, बलकनी में तुलसी का पौधा (Tulsi plant) लगाना बेहद पवित्र, सुख-समृद्धि लाने वाला माना गया है. तुलसी का पौधा अधिकतर लोग अपने घर में लगाते हैं. कहते हैं इसमें मां लक्ष्मी का वास होता है. ऐसे में तुलसी जी के पौधे का विशेष ध्यान रखना चाहिए वरना आपके घर से लक्ष्मी जी रुष्ठ होकर चली जाएंगी. अक्सर सर्दियों के मौसम में अधिकांश इनडोर पौधों का बुरा हाल हो जाता है. प्रॉपर देखभाल ना मिले तो ये सूखकर मुरझा जाते हैं. पत्तियां सारी झड़ने लगती हैं. खासकर, घर के आंगन और बालकनी में आपने तुलसी (Tulsi) का पौधा लगा रखा है तो आपको विशेष ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि तुलसी का पौधा ठंड के दिनों में जल्दी खराब होने लगता है. आपके घर में लगा तुलसी का पौधा भी मुरझाने लगा है तो तुरंत ही यहां बताए गए टिप्स को फॉलो करना शुरू कर दें.
सर्दियों में भी ऐसे रखें तुलसी के पौधे को हरा-भरा (Tulsi care tips in winter)
1.अधिकतर लोग अपने घर में तरह-तरह के पौधे लगा तो लेते हैं, लेकिन उसकी किस मौसम में कैसे देखभाल करनी चाहिए, इसकी जानकारी नहीं होती है. इससे पौधे सूखने लगते हैं. तुलसी का पौधा आपके घर में लगा है और उसकी पत्तियां मुरझाती सी दिख रही हैं तो आप तुरंत ही नीम के पत्तों का पानी तुलसी प्लांट के गमले में डाल दें. इसके लिए नीम की कुछ पत्तियों को पानी में डालकर उबालें और इसे ठंडा करके डालें. आप ये उपाय प्रत्येक चार दिनों में करें. मिट्टी सूखी हो तो ही पानी डालें.
2. आप तुलसी के गमले में लौंग का पानी भी डाल और छिड़काव कर सकते हैं. इसके लिए एक छोटे भगोने में पानी लें और उसमें कुछ लौंग डालकर उबालें. पानी ठंडा हो जाए तो पौधे पर स्प्रे करें. इससे कीड़े, चीटियां पौधे को नुकसान नहीं पहुंचाएंगी.
3. ठंड के मौसम में बार-बार अधिक खाद और केमिकल युक्त फर्टिलाइजर का इस्तेमाल न करें. इससे पौधा हरा-भरा नहीं रहेगा, बल्कि और सूख जाएगा. खाद कैसा, कितनी मात्रा में और कब डालना चाहिए, इसकी जानकारी नहीं है आपको तो किसी एक्सपर्ट से जरूर पूछ लें.
4. यदि आपकी बालकनी या आंगन में तुलसी के पौधे को प्रॉपर धूप नहीं लगती है, तो इसे उस जगह पर 6-8 घंटे के लिए रखें जहां धूप अच्छी आती हो. हर दिन इस पौधे को 6 से 8 घंटे की डायरेक्ट धूप जरूरी है. ठंड के मौसम में हर दिन तुलसी जी के पौधे में पानी नहीं डालें. इससे मिट्टी जल्दी सूखेगी नहीं और जड़ सड़ भी सकता है. पौधा मुरझा सकता है. पानी तभी डालें जब मिट्टी का एक-तिहाई हिस्सा सूखा दिखाई दे.
5. आंगन, बालकनी में तुलसी का पौधा लगा है तो उस पर कोई साफ सूती कपड़ा डाल दें. इससे रात के समय ओस गिरने से पौधे को कोई नुकसान नहीं होगा. आप चाहें तो सर्दियों में तुलसी के पौधे को शेड के नीचे रख दें. तुलसी के पौधे को आप प्लास्टिक से भी ढक सकते हैं. इससे ठंडी हवा से होने वाले नुकसान से पौधा बचा रहेगा.
6. यदि तुलसी के पौधे पर मंजरी निकल आए तो उसे काटकर हटा दें. यह पौधे के ग्रोथ को रोकती है और पत्तियां मुरझाने लगती हैं. मजंरी नहीं है तो भी ठंड में कटाई-छंटाई करते रहें ताकि ग्रोथ न रुके. बेशक, ठंड में तुलसी का पौधा धीरे बढ़ेगा, लेकिन फरवरी और मार्च के महीने में इसकी ग्रोथ सही से शुरू हो जाएगी.
इसे भी पढ़ें: क्या आप भी ओवन में इन बर्तनों में करते हैं खाना गर्म? बम की तरह फट सकता है Oven, जानें कारण
FIRST PUBLISHED : December 25, 2024, 11:04 IST

















