अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में प्रभु राम का मंदिर तेजी के साथ बन रहा है. मंदिर के तीन चरण में से एक चरण का कार्य भी पूरा कर लिया गया है. वहीं, अब दूसरे तल का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है, लेकिन इसी बीच राम मंदिर निर्माण समिति से एक बड़ी खबर सामने निकल कर आ रही है. जहां राम की बैठक में फैसला लिया गया है.
प्रथम तल पर लगाए जाएंगे मकराना के पत्थर
बता दें कि राम मंदिर निर्माण समिति की महीने में दो बार बैठक होती है. ऐसे में इस समय राम मंदिर निर्माण समिति की दो दिवसीय बैठक चल रही है. इसी बीच एक बड़ा फैसला भी लिया गया है कि राम मंदिर के प्रथम तल पर लगे कुछ पत्थर को हटाकर उसके स्थान पर अब मकराना के पत्थर लगाए जाएंगे. इतना ही नहीं राम मंदिर के प्रथम तल पर लगे कुछ पत्थर कमजोर बताए जा रहे हैं. इस बात की जानकारी खुद भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष निरूपेंद्र मिश्र ने दी है.
मंदिर निर्माण के कार्य में आई तेजी
अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. बीते 22 जनवरी को प्रभु राम अपने मंदिर में विराजमान हो चुके हैं. प्रभु राम के विराजमान होने के बाद प्रतिदिन एक लाख से ज्यादा राम भक्त दर्शन पूजन भी कर रहे हैं, लेकिन मंदिर निर्माण में कोई भी कमी ना रह जाए. इसको लेकर समय-समय पर बैठक भी होती है.
भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष ने बताया
इस बार की बैठक में प्रथम तल पर लगाए गए पत्थर में अब बदलाव किया जाएगा. भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष ने बताया कि हम लोगों ने देखा की प्रथम तल पर कुछ जगह पर कमजोर पत्थर लगाए गए हैं. हालांकि यह पुराने पत्थर हैं. अब इन पथरों को हटाकर मकराना के पत्थर लगाए जाएंगे.
इतना ही नहीं भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष ने बताया कि राम मंदिर परिसर में सप्त ऋषियों के भी मंदिर बनाए जा रहे हैं. मंदिर परिसर में सबसे पहले महर्षि वाल्मीकि का मंदिर में प्रवेश होगा. जहां राम भक्त प्रभु राम से पहले महर्षि वाल्मीकि का दर्शन करेंगे. वाल्मीकि के ठीक सामने 7वां मंदिर महर्षि अगस्त मुनि का होगा. इसी बीच एक छोटा सा तालाब भी बनाया जाएगा, ताकि श्रद्धालु आचमन कर प्रभु राम के मंदिर में प्रवेश कर सकें.
FIRST PUBLISHED : November 8, 2024, 12:49 IST

















