Bageshwar dham kanya vivah mahotsav 2026: 15 फरवरी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बागेश्रवर धाम में ‘सप्तम कन्या विवाह महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा. इस विवाह महोत्सव में कई अनाथ, गरीब बेटियों का विवाह कराने का शुभ कार्य किया जाएगा. ये सभी बेटियां देश के 10 राज्यों सहित नेपाल से भी होंगी. खबरों के अनुसार, इस विवाह पर आने वाला सारा खर्च बागेश्वर धाम की दान पेटी से प्राप्त हुई धन राशि से किया जाएगा. देश के 10 राज्यों के लगभग 60 जिलों से विवाह के लिए कन्याओं का चयन किया गया है, जिसमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित नेपाल की भी कुछ बेटियां शामिल हैं. चयनित बेटियों की कुल संख्या 300 बताई जा रही है. इनमें से किसी के पिता नहीं हैं, तो किसी की मां नहीं, कोई दिव्यांग हैं, तो किसी के पेरेंट्स दिव्यांग हैं. कुछ बेहद ही गरीब परिवार से हैं तो कोई अनाथ है.
इस आयोजन का बनेंगे लाखों लोग साक्षी
धीरेंद्र शास्त्री ने अपने यूट्यूब चैनल बागेश्वर धाम सरकार पर इस आयोजन की पूरी जानकारी वाली कई वीडियो भी शेयर की है. धीरेंद्र शास्त्री के अनुसार, 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर आयोजित होने वाले सप्तम कन्या विवाह महोत्सव में लाखों लोग शामिल होंगे और इस शुभ कार्य का साक्षी बनेंगे. उनके अनुसार, इसमें जिन बेटियों का विवाह के लिए चयन हुआ है, उसमें किसी के माता-पिता नहीं, किसी का परिवार नहीं, घर-बार नहीं, अनाथ हैं, ऐसी कन्याओं का घर बसाया जाएगा.
तीन दिन का है ये उत्सव
धीरेंद्र शास्त्री कहते हैं कि ये उत्सव तीन दिन का है, जो 13, 14 और 15 फरवरी को आयोजित किया जा रहा है. इसमें 13 फरवरी को हल्दी और मंडप पूजन, 14 फरवरी को मेहंदी और संगीत की रस्म और 15 फरवरी महाशिवरात्रि के शुभ दिन सभी कन्याओं का विवाह होगा. बारात से लेकर भंडारे की व्यवस्था खुद धीरेंद्र शास्त्री जी करने वाले हैं. वे कहते हैं कि इस साल वे 1600 से भी अधिक बेटियों के धर्म पिता बन जाएंगे.
बेटियों के नाम जिनके हाथ होंगे पीले
15 फरवरी को जिन बेटियों की शादी होने वाली है, उनमें कुछ के नाम हैं- मासूम प्रजापति, राधिका खेंगर, शशि, पूजा बंसल, पूजा यादव, प्रिया देवी विश्वकर्मा, ज्योति, नीलू कुशवाहा, माया अहिरवार आदि.

















