अल्मोड़ा: बसंत पंचमी हिंदू धर्म का एक प्रमुख पर्व है. यह पर्व हर साल माघ महीने के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है. इस दिन से बसंत ऋतु की शुरुआत मानी जाती है. बसंत को खुशहाली, हरियाली, नई ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है. ठंड कम होने लगती है और प्रकृति में रौनक लौट आती है. पेड़ों पर नई कोपलें और सरसों के खेतों में पीले फूल बसंत के आगमन का संकेत देते हैं.
बसंत पंचमी के दिन माता सरस्वती की विशेष रूप से पूजा की जाती है. माता सरस्वती को ज्ञान, विद्या, बुद्धि, संगीत और कला की देवी माना जाता है. इस दिन लोग अपने घरों, स्कूलों और मंदिरों में सरस्वती माता की पूजा करते हैं. विद्यार्थियों के लिए यह दिन बहुत शुभ माना जाता है, क्योंकि इस दिन की गई पूजा से पढ़ाई में एकाग्रता और सफलता मिलती है.
वसंत पंचमी पर पीले रंग का महत्व
बसंत पंचमी पर पीले रंग का विशेष महत्व होता है. पीला रंग बसंत ऋतु, खुशहाली और सकारात्मक सोच का प्रतीक है. इस दिन लोग पीले वस्त्र पहनते हैं और पीले रंग के फूल, फल और मिठाइयाँ माता सरस्वती को अर्पित करते हैं. पीला रंग ज्ञान और उजाले का भी प्रतीक माना जाता है, इसलिए सरस्वती पूजा में इसका खास स्थान होता है.
Bharat.one से बातचीत में पंडित दामोदर जोशी जी ने बताया कि बसंत पंचमी के दिन बच्चों का विद्यारंभ पाठ कराया जाता है. उन्होंने कहा कि इस दिन छोटे बच्चों को पहली बार अक्षर ज्ञान कराया जाता है. पंडित जी के अनुसार, बसंत पंचमी विद्या की शुरुआत के लिए सबसे शुभ दिन माना जाता है. इस दिन बच्चों को ॐ या अ लिखवाकर शिक्षा की शुरुआत कराई जाती है.
पंडित जी ने यह भी कहा कि बसंत पंचमी पर माता सरस्वती की विशेष पूजा करने से बच्चों में ज्ञान, संस्कार और समझ बढ़ती है. उन्होंने बताया कि इस दिन पीली चीजों का दान करना भी शुभ माना जाता है. पीला चावल, बेसन के लड्डू, केसर या हल्दी का उपयोग पूजा में किया जाता है। इससे घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है.
सरस्वती मंत्र
माँ शारदे नमस्तुभ्यं कश्मीरपुरवासिनि.
त्वामहं प्रार्थये नित्यं विद्यादानं च देहि में.
यह मंत्र विद्या, बुद्धि और एकाग्रता के लिए पढ़ा जाता है और बसंत पंचमी, पढ़ाई शुरू करने से पहले या विद्यारंभ पाठ के समय विशेष रूप से जपा जाता है. माना जाता है कि प्रत्येक दिन इस मंत्र के जप से माता सरस्वती कि विशेष कृपा होती है.
बसंत पंचमी ज्ञान, संस्कृति और नए आरंभ का पर्व
बसंत पंचमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं है, बल्कि यह हमें जीवन में आगे बढ़ने और नई शुरुआत करने की प्रेरणा देता है. यह पर्व हमें ज्ञान के महत्व को समझाता है और प्रकृति के साथ जुड़ने का संदेश देता है. बसंत पंचमी ज्ञान, संस्कृति और नए आरंभ का पर्व है. इस दिन माता सरस्वती की पूजा, बच्चों का विद्यारंभ पाठ और पीले रंग का महत्व हमें जीवन में शिक्षा, सकारात्मक सोच और संस्कारों का महत्व समझाता है. बसंत पंचमी हमें सिखाती है कि ज्ञान ही जीवन का सबसे बड़ा धन है.

















