अयोध्या: प्रभु राम की नगरी अयोध्या आने वाले राम भक्तों को अयोध्या विकास प्राधिकरण ने एक और सुविधा दी है. यह सुविधा ऐसी है कि जिसे जानने के बाद आप भी हैरान हो जाएंगे. दरअसल, रामनगरी अयोध्या में आस्था की सरयू में डुबकी लगाने के लिए एक तरफ जहां लाखों लोग रोज पहुंच रहे हैं, तो दूसरी तरफ विज्ञान के जरिए पर्यटकों को रामनगरी और रामचरित्र को दिखाकर कर पर्यटन को सुविधाजनक बनाने की भी नई पहल शुरू हो गई है.
अयोध्या में बना दुर्लभ दर्शन केंद्र
अयोध्या के हनुमानगढ़ी पर दुर्लभ दर्शन केंद्र बनाए गए हैं. जहां अयोध्या के मठ मंदिरों समेत भगवान श्री राम के चरित्र और उनके वन गमन की 3D डॉक्यूमेंट्री चलाई जा रही है. इस डिजिटल प्वाइंट का उद्देश्य है कि भगवान के दुर्लभ दर्शन को 3D तरीके से श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जा सके.
वर्चुअल डिवाइस के माध्यम से श्रद्धालु करेंगे दर्शन
इतना ही नहीं, इस वर्चुअल डिवाइस के माध्यम से श्रद्धालु एक ही जगह बैठकर अयोध्या के मठ मंदिर समेत देश भर के प्रसिद्ध मंदिरों का दर्शन भी कर सकेंगे. 10 मिनट के एपिसोड में ऐसा प्रतीत होता है कि हम उस जगह पर खुद मौजूद हैं. जहां का दृश्य दिखाया जा रहा है. इतना ही नहीं इसके लिए श्रद्धालुओं को 100 रुपए से लेकर 150 रुपए तक के टिकट भी देने होंगे.
प्रोजेक्ट को लेकर कमिश्नर ने बताया
कमिश्नर गौरव दयाल ने बताया कि अयोध्या में अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा एक प्रोजेक्ट को तैयार किया जा रहा है. जहां वर्चुअल रियलिटी के माध्यम से श्रद्धालुओं को एक ही जगह बैठकर मठ मंदिर के दर्शन करने का मौका मिलेगा. इसके अलावा 2 और एजेंसी इस कार्य को करेंगी. इससे अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत भी मिलेगी. वह एक ही जगह बैठकर मठ मंदिर के दर्शन वर्चुअली कर सकेंगे.
जाने दुर्लभ दर्शन केंद्र के बारे में
दुर्लभ दर्शन केंद्र के प्रोपराइटर हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि अयोध्या में दुर्लभ दर्शन केंद्र को संचालित किया जा रहा है, जिसमें पिछले एक सप्ताह से यहां पर टेस्टिंग चल रही थी. जहां बीआर डिवाइस के माध्यम से अयोध्या में एक ही जगह पर बैठकर देश के कई मठ मंदिर के दर्शन कर सकते हैं. इसमें अभी फिलहाल राम वन गमन पथ, प्रभु राम के 14 वर्ष के वनवास में जहां-जहां गए थे, उस जगह को दिखाया जा रहा है. इतना ही नहीं आने वाले एक सप्ताह के अंदर अयोध्या समेत देशभर के मठ मंदिरों का दर्शन करेंगे. इसके लिए 100 रुपए से लेकर 150 रुपए तक का शुल्क भी निर्धारित किया जाएगा.
FIRST PUBLISHED : November 8, 2024, 10:09 IST

















