Last Updated:
5 Minute Halwa Recipe: आज हम आपको एक ऐसी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसका स्वाद लाजवाब है. जी हां, सूजी का खास हलवा, जो सुबह के नाश्ते को बेहतरीन बना सकता है. इस रेसिपी से तैयार हलवा पेट तो भर देगा, लेकिन मन कहेगा—“थोड़ा सा और खा लूं.”

सूजी का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले सूजी और चीनी की बराबर मात्रा लेनी पड़ती है. वैसे सबका अपना-अपना पसंद होता है, उसके हिसाब से चीनी की मात्रा कम या अधिक की जा सकती है, लेकिन सूजी फूलने के बाद ज्यादा हो जाती है. इसलिए अधिकतर एक कटोरी सूजी में एक कटोरी चीनी पर्याप्त होती है.

हलवा बनाने के लिए सबसे पहले सूजी को छानकर साफ कर लें, ताकि उसमें कोई कण या गंदगी न रह जाए. इससे हलवा साफ और चिकना बनेगा. अच्छे स्वाद और खुशबू के लिए हलवा देसी घी में बनाना सर्वोत्तम होता है.

250 ग्राम सूजी का हलवा बनाने के लिए लगभग 200 ग्राम देसी घी लें. कड़ाही में सूजी डालें और धीमी आंच पर 8 से 10 मिनट तक चलाते हुए भूनें. जब सूजी हल्की सुनहरी होने लगे, तब उसमें आधे से ज्यादा घी डालें और फिर 2 से 3 मिनट और भून लें.

बलिया निवासी बुजुर्ग विद्यावती देवी ने कहा कि, “अब एक पैन में सूजी की मात्रा से तीन गुना पानी और बराबर मात्रा में चीनी डालकर चाशनी बना लें.” इसे तब तक पकाएं जब तक चीनी पूरी तरह पानी में घुल न जाए. इसमें स्वाद के लिए पिसी हुई इलायची डाल सकते हैं.

इसके बाद तैयार चाशनी को भुनी हुई सूजी में धीरे-धीरे डालें. पहले आधी चाशनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं, फिर बची हुई चाशनी भी मिला दें. इस दौरान गैस की आंच कम रखें और सूजी को लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें जैसी न बने.

सूजी में चाशनी मिलाने के बाद हलवा धीरे-धीरे फूलने लगेगा. इसे तब तक पकाएं जब तक यह पूरी तरह गाढ़ा न हो जाए. आप चाहें तो इसे थोड़ा पतला या गाढ़ा, जैसा मन हो, वैसा बना सकते हैं.

अगर आप केसर पसंद करते हैं, तो चाशनी बनाते समय उसमें थोड़ी सी भीगी हुई केसर डाल सकते हैं. इससे हलवे में रंग और खुशबू दोनों लाज़वाब होती हैं. अंत में अपने पसंदीदा मेवा, बादाम, काजू और किशमिश डाल दें.

अब स्वाद और खुशबू से भरपूर देसी घी में बना सूजी का हलवा तैयार है. इसे गरमागरम परोसें. यकीन मानिए, एक बार खाएंगे, तो बार-बार बनाएंगे. यह हलवा न केवल बच्चों को, बल्कि सभी को अपने स्वाद का दीवाना बना लेगा.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/recipe-vidyavati-devi-reveals-easy-recipe-for-making-suji-ka-halwa-breakfast-tiffin-ideas-local18-ws-kl-9692260.html
















